
Tuta Village News: तूता में नहीं चलेगा बुलडोजर(photo-patrika)
Tuta Village News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तूता गांव में अतिक्रमण हटाने और संभावित विस्थापन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) ने स्थिति स्पष्ट की है। प्राधिकरण ने कहा है कि वर्तमान में ग्राम तूता में किसी भी प्रकार की विस्थापन कार्रवाई प्रस्तावित नहीं है। फिलहाल शिकायतों के आधार पर केवल नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं और आगे की कार्रवाई नियमों के अनुसार ही की जाएगी।
NRDA के अनुसार, ग्राम तूता में अतिक्रमण संबंधी शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के आधार पर अधिकारियों ने विधिवत निरीक्षण किया, जिसके बाद संबंधित लोगों को प्रारंभिक कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए। प्राधिकरण का कहना है कि यह केवल कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे विस्थापन की कार्रवाई नहीं माना जाना चाहिए।
प्राधिकरण ने बताया कि 2 जुलाई को ग्राम तूता के प्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) से मुलाकात कर पूरे मामले पर चर्चा की। बैठक के दौरान यह सहमति बनी कि गांव में सभी संबंधित पक्षों की बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि आपसी सहमति से समाधान का रास्ता निकाला जा सके। इसके बाद दोबारा अधिकारियों के साथ चर्चा कर लोकहित में निर्णय लिया जाएगा।
NRDA ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायत की ओर से भी समय-समय पर गांव के विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के संबंध में पत्र भेजे जाते रहे हैं। इन्हीं शिकायतों और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत संबंधित लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि पूरी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
प्राधिकरण ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय करना नहीं है, बल्कि कानून के अनुरूप सार्वजनिक हित में कार्य करना है। आगे जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि विकास कार्य प्रभावित न हों और प्रभावित पक्षों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
NRDA ने लोगों से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित भ्रामक खबरों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। प्राधिकरण ने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले सभी संबंधित पक्षों से चर्चा की जाएगी और नियमों के अनुरूप ही आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल तूता गांव में किसी भी प्रकार की विस्थापन कार्रवाई प्रस्तावित नहीं है।
Updated on:
04 Jul 2026 07:00 pm
Published on:
04 Jul 2026 06:57 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
