5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम! बारिश, अंधड़ और 3 डिग्री तक तापमान गिरने के आसार

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। अगले 2-3 दिनों में प्रदेशभर में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश के साथ तापमान में करीब 3 डिग्री तक गिरावट के आसार हैं।

2 min read
Google source verification
रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम! बारिश, अंधड़ और 3 डिग्री तक तापमान गिरने के आसार(photo-patrika)

रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम! बारिश, अंधड़ और 3 डिग्री तक तापमान गिरने के आसार(photo-patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के सभी संभागों में मौसम का मिजाज बदलेगा। तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

CG Weather Update: गर्मी के बीच बदले मौसम के संकेत

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन कुछ स्थानों पर मौसम ने करवट ली। कहीं-कहीं बादल गरजे, तेज हवाएं चलीं और हल्की बारिश भी हुई। इसके चलते वातावरण में नमी बढ़ी और लोगों को आंशिक राहत महसूस हुई।

इन जिलों में हुई बारिश

सोमवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। गादीरास में 2 सेंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि जगरगुंडा, दरभा, लोहांडीगुड़ा और नारायणपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम प्रणाली बनी बदलाव की वजह

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार प्रदेश में एक साथ कई सक्रिय मौसम प्रणालियां असर डाल रही हैं, जिसके कारण मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। वर्तमान में 72°E और 28°N पर 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है।

इसके साथ ही उड़ीसा क्षेत्र में भी एक अन्य चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। दक्षिण छत्तीसगढ़ से मणिपुर तक द्रोणिका फैली हुई है, जबकि विदर्भ से कोमोरिन क्षेत्र तक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका भी प्रभावी है। इन सभी मौसम प्रणालियों के संयुक्त असर से प्रदेश में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक जैसी गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।

अगले 3 दिन: बारिश और तेज हवाओं का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक 5 और 6 मई को प्रदेश के सभी संभागों में बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चल सकता है। तेज हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, वहीं कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है।

यलो अलर्ट जारी, सावधानी जरूरी

प्रदेश के जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में अचानक मौसम बदलने, तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। दिन के दौरान बादल गरजने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

आने वाले दिनों में राहत, फिर बढ़ेगी गर्मी

हालांकि अगले 2-3 दिनों तक तापमान में गिरावट से राहत मिलेगी, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। ऐसे में यह राहत अस्थायी मानी जा रही है।