
मृतक विमल यादव और गोबरा नवापारा पुलिस स्टेशन ( Photo - Patrika )
Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के गोबरा नवापारा क्षेत्र में एक परिवार पर कुछ ही घंटों में दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि पूरे नगर में शोक और सनसनी का माहौल बन गया। दोस्तों के साथ घूमने निकले 30 वर्षीय युवक का शव सुबह तालाब में तैरता मिला। शव के सिर पर चोट के निशान और मोबाइल फोन गायब मिलने से मामला रहस्यमय हो गया है। वहीं पति की मौत की खबर मिलते ही सदमे में पत्नी ने अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी और खुद पर धारदार हथियार से हमला कर लिया। दोनों गंभीर हालत में अस्पताल में उपचाराधीन हैं। दुखद खबर से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार किसान पारा वार्ड क्रमांक 11 निवासी विमल यादव (30) सोमवार को अपने दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान उसका मोबाइल भी बंद मिला, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। दूसरे दिन सुबह दुलना-पटेवा मार्ग स्थित तालाब में ग्रामीणों ने एक युवक का शव तैरते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान विमल यादव के रूप में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया।
परिजनों का कहना है कि विमल के सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान हैं और उसका मोबाइल फोन भी घटनास्थल से गायब है। इससे मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या तीनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
विमल यादव की मौत से परिवार पूरी तरह बिखर गया है। उनकी तीन वर्षीय मासूम बेटी ने पिता का साया खो दिया। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी गहरे सदमे में चली गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसने खुद को कमरे में बंद कर अपनी मासूम बेटी और स्वयं पर धारदार हथियार से वार कर दिए। बच्ची के गले और गर्दन तथा महिला के गले में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने दरवाजा तोडकऱ दोनों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
05 Aug 2026 02:10 pm
Published on:
05 Aug 2026 01:40 pm
