
छत्तीसगढ़ में शिक्षक ट्रांसफर की नई लिस्ट तैयार (photo source- Patrika)
Teacher Transfer List: छत्तीसगढ़ में लंबे समय से तबादले का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, करीब 700 शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जल्द जारी हो सकते हैं। अंतिम सूची तैयार करने से पहले कई चरणों में समीक्षा की गई, जिसमें करीब 400 नाम मापदंडों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर हटा दिए गए। हालांकि शिक्षा विभाग ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों का दावा है कि शासन स्तर से मंजूरी मिलते ही तबादला आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, शुरुआत में नेताओं की अनुशंसा और प्राप्त आवेदनों के आधार पर करीब 1600 शिक्षकों के स्थानांतरण प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजे गए थे। संख्या अधिक होने पर फाइल वापस भेजी गई और सूची को कम करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद लगभग 1000 शिक्षकों की संशोधित सूची तैयार की गई। अंतिम परीक्षण में इस सूची से भी करीब 400 नाम हटा दिए गए। अब अंतिम सूची में करीब 700 शिक्षकों के नाम बचे हैं, जिनके तबादला आदेश जल्द जारी होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, विभाग ने तय मापदंडों के आधार पर कई श्रेणियों के शिक्षकों को स्थानांतरण सूची से बाहर रखा है। इनमें युक्तियुक्तकरण (रैशनलाइजेशन) से प्रभावित शिक्षक, एकल शिक्षकीय स्कूलों में पदस्थ शिक्षक, ऐसे शिक्षक जिनके तबादले से स्कूल शिक्षकविहीन हो सकते थे, अधिसूचित क्षेत्रों से गैर-अधिसूचित क्षेत्रों में स्थानांतरण के मामले और अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों में कार्यरत शिक्षक शामिल हैं। विभाग का मानना है कि इनका स्थानांतरण होने से पढ़ाई और शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
शिक्षा विभाग ने अभी तक स्थानांतरण सूची को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अधिकारियों ने इस विषय पर "नो कमेंट्स" कहा है। हालांकि विभागीय सूत्रों का दावा है कि अंतिम सूची तैयार है और शासन स्तर से मंजूरी मिलते ही तबादला आदेश जारी किए जा सकते हैं।
शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने के लिए शिक्षा विभाग ऑनलाइन आवेदन प्रणाली लागू करने की तैयारी भी कर रहा है। विभागीय स्तर पर इस प्रस्ताव पर मंथन जारी है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन और आवेदन की मॉनिटरिंग ऑनलाइन होगी। इससे रिकॉर्ड का बेहतर प्रबंधन होगा, पारदर्शिता बढ़ेगी और शिक्षकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विभाग अन्य राज्यों की ऑनलाइन स्थानांतरण व्यवस्था का भी अध्ययन कर रहा है।
फिलहाल ऑनलाइन स्थानांतरण प्रणाली को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। विभाग तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर विचार कर रहा है। अंतिम निर्णय शासन की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा। वहीं, फिलहाल शिक्षकों की नजर लंबे समय से प्रतीक्षित तबादला सूची और संभावित आदेशों पर टिकी हुई है।
Updated on:
05 Aug 2026 01:40 pm
Published on:
05 Aug 2026 01:40 pm
