रायसेन. किसान जागृति संगठन के बैनर तले किसानों का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी रहा। किसानों का यह धरना पशु चिकित्सालय के शॉपिंग काम्पलेक्स परिसर में दिया जा रहा है। शुक्रवार को दोपहर बाद किसानों ने मप्र की शिव सरकार की किसान विरोधी नीतियों की जमकर आलोचना करते हुए अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। काला दिवस मनाते हुए सैकड़ों किसान ने काली छतरियां लगाकर जमकर हल्लाबोला। वहीं मप्र की शिव सरकार को गहरी नींद से जगाने के लिए धरना स्थल से लेकर एसडीएम कार्यालय तक किसानों ने छतरी यात्रा निकालकर जमकर नारेबाजी की।
मालूम हो कि वर्ष 2014-15 का फसल बीमा की राशि 173 करोड़ रुपए दिलाने सहित दो अन्य मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर किसान तंबू लगाकर बेमियादी आन्दोलन पर डटे हुए हैं। छतरी यात्रा सागर भोपाल तिराहे से होकर महामाया चौक होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। जहां किसानों ने एसडीएम कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर संगठन के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र बाबू राय, संरक्षक इरफान जाफरी, प्रवक्ता रामस्वरूप राठौर, हरनाम सिंह जाट चैयरमेन बीदपुरा, गनेश राम गुलगांव, रंजीत यादव अमरावद, ओमकार सिंह यादव, युनुस खान इमलिया, अवध नारायण राय, हरिप्रसाद, दिनेश भाट अण्डोल, अनीस खान, इंसाफ खान, मनोज पटेल बरनी, हबीब पटेल, मुकीद खान, मेहबूब खान सदालतपुर, नारायण सिंह राजपूत, डॉ.कुबेर सिंह, लईक खान, शहजाद भाई, भूरा भाई आदि शामिल हुए।