1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

18 सब स्टेशन के ’60 से ज्यादा गांवों’ की काटी गई बिजली सप्लाई, छाया अंधेरा

MP News: ऐसे में इन सबस्टेशनों के तहत आने वाले कई गांवों में पिछले दो दिन से अंधेरा छाया हुआ है...

2 min read
Google source verification
Electricity supply

Electricity supply प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

MP News: बकाया रकम जमा नहीं कराने पर कंपनी ने ब्यावरा क्षेत्र के 18 सबस्टेशन के 60 से ज्यादा गांवों में स्थित 120 से ज्यादा ट्रांसफार्मरों की बिजली सप्लाई रोक दी है। बड़ी संख्या में घरेलू व सिंचाई पंप कनेक्शनों का बिल बकाया होने से कंपनी ने यह कार्रवाई की है। ऐसे में इन सबस्टेशनों के तहत आने वाले कई गांवों में पिछले दो दिन से अंधेरा छाया हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि, कई ऐसे बिजली उपभोक्ता भी है जो हर महीने समय पर बिल जमा कर रहे हैं लेकिन कंपनी ने चंद बकायादारों से वसूली की सख्ती के लिए उनकी सप्लाई भी रोक दी है। अब ग्रामीणों के सामने न सिर्फ अपनी फसलों की सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है, बल्कि जिन गांवों में ट्यूबवेलों से पेयजल आपूर्ति होती है, वहां पानी संकट भी खड़ा हो गया है।

गांवों पर 6 करोड़ से ज्यादा बकाया

बिजली कंपनी अधिकारियों का कहना है कि, ब्यावरा सब डिवीजन में 93 करोड़ रुपए की मोटी रकम बकाया है। इसमें ब्यावरा ग्रामीण, मलावर, सुठालिया और गिंदौरहाट ग्रिड के 18 सबस्टेशनों के जिन 60 से 65 गांवों में 118 से 120 ट्रांसफार्मर की सप्लाई रोकी गई है उन पर घरेलू बिल और सिंचाई पंप कनेक्शनों के करीब 6 करोड़ रुपए की मोटी रकम बकाया है। प्रत्येक ट्रांसफार्मर पर 5 से लेकर 6 लाख रुपए तक की रकम बकाया है। इसलिए कंपनी को सप्लाई रोकने जैसे फैसला लेना पड़ा है।

बकायादारों के नाम पर पूरे गांव की काटी सप्लाई

बकाया वसूलने जिन गांवों के ट्रांसफार्मरों की बिजली कंपनी ने रोकी है उनमें से कई ऐसे भी है जिनके पूरे गांव की ही बिजली काट दी गई हैं। ऐसे में अब समय पर बिल अदा करने वाले ईमानदार उपभोक्ता भी परेशान हैं।

यह समस्या काचरी सबस्टेशन के काचरी, नईपुरिया, कस्तूरीपुरा, पल्याबे, कांसौर खुर्द, खुरी, खरेटिया और बाईहेड़ा आदि गांवों में ज्यादा सामने आ रही है। नईपुरिया गांव के राकेश सौंधिया, संतोष कुमार सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि, बकाया वसूलने के नाम पर कंपनी ने एक तरफ से भी की बिजली काट दी है। ऐसे में अब हम न तो फसलों की सिंचाई कर पा रहे है और गांवों में भी रात को पूरी तरह से अंधेरा छाया हुआ है।

जिन ट्रांसफार्मर पर बकाया, उन्हीं की काटी है सप्लाई

ब्यावरा ग्रामीण, मलावर, सुठालिया और गिंदौरहाट ग्रिड क्षेत्र के 118 से 120 ट्रांसफार्मर की सप्लाई रोकी है। इन ट्रांसफार्मर पर करीब 6 करोड़ से ज्यादा बकाया है। लोग बकाया जमा कराने दें, हम सप्लाई शुरू करा देंगे।- अमीतेश अर्स, एई ब्यावरा ग्रामीण बिजली कंपनी ब्यावरा

Story Loader