
Family Climbs Water Tank- जमानत पर छूटे आरोपी की धमकी से डरकर कलेक्ट्रेट के पास टंकी पर चढ़े दंपति (फोटो सोर्स- Patrika)
Family Climbs Water Tank- कुछ दिन पहले एफआइआर दर्ज करवाने के लिए टंकी पर चढ़ी महिला के बाद अब एक परिवार टंकी पर चढ़ गया। अपने दो बच्चों के साथ दंपती बुधवार दोपहर राजगढ़ कलेक्टोरेट (Rajgarh Collectorate) के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाइश देकर उतारा। इसके बाद मामला शांत हो पाया।
जानकारी के अनुसार पीडि़त दंपती भोजपुर थाना क्षेत्र के सालरी गांव के हैं। वे अपने बच्चों के साथ ही टंकी के ऊपरी हिस्से तक चढ़ गए थे। कोतवाली थाना पुलिस ने उन्हें उतारकर एसपी कार्यालय पहुंचाया और पूरी जानकारी संबंधित थाने को दी। बालचंद्र गुर्जर अपने परिवार के साथ ऊपर चढ़ा था, उसका कहना है कि मुझ पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाले आरोपी की जमानत कैसे हो गई? अब वह गांव में आ गया, अब हमें मार डालेगा, हमें धमकाएगा। इसीलिए हम यहां आए हैं, पुलिस हमारी मदद नहीं कर रही।
जानकारी के अनुसार सालरी निवासी व्यक्ति ने कलेक्टर को आवेदन देकर पूर्व में जानलेवा हमले के आरोपियों से अपनी जान को खतरा बताया। आरोप है कि हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुके आरोपी जमानत पर रिहा होने के बाद लगातार उसे धमका रहे हैं और खेत पर जाने से भी रोक रहे हैं। बालचंद गुर्जर ने कलेक्टर को दिए आवेदन में कहा कि कुछ समय पूर्व गांव के ही ऊंकारलाल पिता बाबूलाल, हेमराज पिता ऊंकारलाल और नारायण सिंह पिता बाबूलाल ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। हमले में उसके हाथ में गंभीर चोट आई थी और उसका हाथ कट गया था। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई थीं। मामले में भोजपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की थी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अब जेल से बाहर आने के बाद उसे दोबारा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
आवेदन में कहा गया है कि आरोपी उसके घर पहुंचकर कह रहे हैं कि अब वे जेल से बाहर आ चुके हैं और उसे नहीं छोड़ेंगे। इसके साथ ही उसे अपने खेत पर जाने से भी रोका जा रहा है। बालचंद गुर्जर ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि उसका भाई भगवान सिंह पिछले करीब सात माह से लापता है और उसे आशंका है कि उसके साथ भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। पीड़ित ने कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने तथा स्वयं और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि ये सभी पारिवारिक लोग ही हैं। आपस में ही इनका झगड़ा हुआ था। जो व्यक्ति टंकी पर परिवार सहित चढ़ा था उसके खिलाफ भी क्रॉस मुकदमा कायम हैं।
Updated on:
24 Jun 2026 06:06 pm
Published on:
24 Jun 2026 06:01 pm
बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
