
sp amit tolani, एसपी अमित तोलानी (source- rajgarh sp facebook page)
रिपोर्ट- राजेश विश्वकर्मा
Rajgarh SP Amit Tolani Action: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में एसपी अमित सुरेश तोलानी ने पुलिस विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने दो आरक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। दोनों मामलों में विभागीय जांच के दौरान आरोप प्रमाणित पाए गए। एक आरक्षक ने कथित तौर पर सॉल्वर बैठाकर पुलिस भर्ती परीक्षा पास की थी, जबकि दूसरा चोरी के वाहन प्रकरण में आरोपी पाया गया। लंबे समय तक चली जांच और उसमें पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। पहले उक्त आरक्षकों को लाइन हाजिर किया गया था। इसके बाद विस्तृत जांच हुई तो आरोप सिद्ध हो गए, इसके बाद उन्हें सेवा से बर्खास्त किया गया है।
वर्ष 2013 की मप्र पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाकर धोखाधड़ी से चयन प्राप्त करने वाले आरक्षक रामवीर रावत को सेवा से बर्खास्त किया गया है। शिकायत की जांच में सामने आया कि आरक्षक ने कूटरचित और छलपूर्वक भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया और परीक्षा पास की। इसी आधार पर उसे पुलिस विभाग में नियुक्ति मिली थी। मामले में थाना एसटीएफ भोपाल में अपराध वर्ष-2024 एफआइआर दर्ज की गई। जिसमें धारा-419, 420, 468, 471, 120-बी (धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज बनाना) और मप्र मान्यता प्राप्त परीक्षाएं अधिनियम-1937 की धारा-3(डी)/4 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित होने के बाद एसपी ने आरक्षक को सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई की।
दूसरे मामले में आरक्षक रवि जाटव को चोरी के वाहन प्रकरण में संलिप्त पाए जाने पर सेवा से पृथक कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार थाना डबरा सिटी में दर्ज चोरी के एक प्रकरण की विवेचना के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन की तलाश की जा रही थी। जांच में वाहन चोरी की घटना में आरक्षक रवि जाटव की भूमिका सामने आई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था। रवि जाटव उस समय राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाने में पदस्थ था। विभागीय जांच के दौरान उसके खिलाफ लगे आरोप सही पाए गए। आरोप प्रमाणित होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उसे भी सेवा से बर्खास्त कर दिया।
एसपी अमित सुरेश तोलानी ने बताया कि विभागीय जांच में दो आरक्षकों के खिलाफ फर्जीवाड़े, धोखाधड़ी और गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। इस आधार पर हमने कार्रवाई की है। दो आरक्षकों को बर्खात्स किया है। विभाग में रहने के दौरान भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और आपराधिक गतिविधियां करने वालों पर कार्रवाई सतत रूप से जारी रहेगी। विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Published on:
21 Jun 2026 10:16 pm
बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
