
महिला कलेक्टर पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव गिरफ्तार
ब्यावरा. राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले पूर्व राज्य मंत्री बद्रीलाल यादव पर एफआईआर दर्ज होने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तीन घंटे बाद उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई।
एफआईआर दर्ज की गई थी
पूर्व राज्य मंत्री बद्रीलाल यादव पर गुरुवार को धारा-144 के उल्लंघन और अमर्यादित भाषा के उपयोग की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। टीआई डीपी लोहिया ने बताया, गिरफ्तारी के बाद पूर्व मंत्री यादव को कोर्ट ले जाया गया, जहां 20 हजार के मुचलके पर जमानत मिल गई।
मुचलके पर जमानत मिल गई
19 जनवरी को हुए बवाल में भी यादव का नाम था। इसमें धारा-147, 188 और 341 के तहत केस दर्ज है। इन धाराओं में भी उन्हें 20 हजार के मुचलके पर जमानत मिल गई। उधर, महिला संगठनों ने कलेक्टर के समर्थन में धरना दिया। इनमें महिला कांग्रेस, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और लाल चुनरिया गैंग हैं।
ये है मामला
19 जनवरी को भाजपा सीएए के समर्थन में रैली निकाल रही थी। जिले मेें धारा 144 लागू थी, और भाजपा को रैली निकालने की अनुमति नहीें थी। रैली के दौरान राजगढ़ कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर ने भाजपा कार्यकर्ताओं का थप्पड़ मार दिए जिसके बाद भाजपा नेताओं ने राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता और डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा को निशाने पर ले लिया और 22 जनवरी को राजगढ़ मेें राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता और डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए भाजपा के बड़े नेता पहुंचे थे। 22 जनवरी को ही मंच से पूर्व राज्य मंत्री बद्रीलाल यादव ने कलेक्टर निधि निवेदिता पर अमर्यादित टिप्पणी की थी। अमर्यादित टिप्पणी को लेकर जब इसका विरोध होने लगा तो अगले दिन पूर्व राज्य मंत्री बद्रीलाल यादव ने माफी मांग ली थी।
आईएएस एसोसिएशन ने जताई आपत्ति
मध्य प्रदेश आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष आईसीपी केशरी ने विभागीय पत्र जारी करते हुए कहा कि, राजगढ़ में महिला अधिकारी के खिलाफ बयान कामकाजी महिलाओं को हतोत्साहित और उन्हें नीचा दिखाने वाला है। इसके अलावा, स्वाति मीणा ने ट्वीट करते हुए कहा कि, भाजपा नेता द्वारा उपयाेग किए गए शब्द महिलाओं के सम्मान के खिलाफ हैं। क्या यह वही धरती है जहां दुर्गा और लक्ष्मी की पूजा की जाती है। पी. नरहरि ने भी ट्वीट करते हुए कहाकि, वे किसी भी अधिकारी और महिला के लिए उपयोग किए गए ऐसे बयानों का विरोध करते हैं। इसके अलावा, रघुराज राजेंद्रन ने भी ट्वीट के जरिये कहा कि, पब्लिक मीटिंग में इस तरह की भाषा प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकती।
Published on:
25 Jan 2020 08:15 am
बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
