23 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

40 किमी दूर मिला कोटा में नीट की तैयारी करने वाले छात्र का शव, बिलख उठे परिजन

MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले छात्र का शव छह दिन बाद कोटा से 40 किलोमीटर दूर अंता में मिला।

2 min read
Google source verification
rajgarh news

फोटो सोर्स- पत्रिका

MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की खिलचीपुर तहसील के भादाहेड़ी गांव का छात्र कोटा में छह साल से रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। खिलचीपुर के भादाहेड़ी गांव के 23 वर्षीय लोकेश का शव आखिरकार छह दिन बाद मिला। नहर किनारे में मिले उसे जूते, चप्पल, टोपी, मोबाइल के आधार पर टीमें उसे ढूंढ़ रही थी। लगातार पांच दिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। अब छठे दिन कोटा से करीब 40 किमी दूर अंता के नजदीक उसका शव मिला।

जानकारी के अनुसार, कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में 17 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज करवाने के बाद उसे पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें उसे ढूंढ़ने में लगी थीं। पहले वह हॉस्टल से निकलता हुआ सीसीटीवी में दिख रहा था। बाद में कोई पता नहीं चला। नजदीक ही कैथून थाना क्षेत्र से होकर निकली चंबल नदी की नहर के किनारे उसके सामान मिले थे। इस आधार पर टीमें सर्चिंग कर रही थीं। पांच दिन की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार दोपहर उसका शव नहर में अंता के पास अटका हुआ मिला। पुलिस का कहना है कि लंबे समय पानी में रहने के कारण शव क्षत-विक्षत हो गया। पोस्टमॉर्टम के लिए उसे अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

शव देख बिलख उठे परिजन

17 फरवरी को दोपहर साढ़े तीन बजे से गायब हुए लोकेश को तलाश ने परिजन वहीं डेरा डाले हुए थे। उन्होंने आशंका जताई थी कि कहीं वह नाराज होकर चला गया होगा तो मीडिया के माध्यम से अपील की कि बेटा आ जा तुझे कोई कुछ नहीं करेगा। वहीं, पुलिस-एसडीआरएफ के साथ ढूंढ़ने का प्रयास भी वे खूब कर रहे थे। हर दिन उनका दर्दभरा निकला। परिवार, रिश्तेदार गांव के करीब 50 से अधिक लोग वहां पहुंचे लेकिन सब इंतजार करते रहे। पांच दिन के लंबे इंतजार के बाद जैसे ही बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली तो पिता सहित परिजन बिलख पड़े। आखिरकार सब्र का बांध फूट पड़ा और वे बदहवास हो गए, उन्हें संभाल पाना मुश्किल हो रहा था।

जांच में जुटी पुलिस

छात्र का शव कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को मिल गया लेकिन यह गुत्थी अभी भी सुलझ नहीं पाया है कि आखिर उसने यह कदम क्यों उठाया? छह साल तक नीट की तैयारी करना, एक बार क्वालीफाई भी हो जाना और पढ़ा में बेहतर स्थिति होने पर यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि पढ़ाई ही तनाव था या अन्य कारण? दूसरे अन्य कारणों में गेम का आदी होना या अन्य मामला होने की भी जांच पुलिस कर रही है। यह बताया जाता है कि उसकी मंगेतर से आखिरी बार बात हुई थी लेकिन क्या बात हुई थी, क्या हुआ था, यह सब अभी अनसुलझी पहेली है।