
mp news: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में सिटी थाने में पदस्थ आरक्षक देवेन्द्र सिंह मीणा को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं सस्पेंड होने के बाद आरक्षक देवेन्द्र मीणा ने अपने बच्चों के साथ वीडियो बनाकर शेयर किए हैं। वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है क्योंकि वीडियो में आरक्षक मारने और मरने की बात कह रहा है। बता दें कि आरक्षक देवेन्द्र मीणा ने सिटी थाने के टीआई को जान से मारने की धमकी दी है और इसी कारण उसे सस्पेंड किया गया था।
देखें वीडियो-
सस्पेंड आरक्षक देवेन्द्र मीणा के जो वीडियो सामने आए हैं उनमें वो अपनी बेटी और बेटे के साथ नजर आ रहा है। वो बच्चों से कह रहा है कि मेरे बच्चों..ये लॉस्ट मुलाकात है मेरी.. मैं मारूंगा.. या मरूंगा..बेटी मैं सही बोल रहा हूं, मारूंगा या मरूंगा। जिस पर बच्ची कह रही है डैडी आप ऐसा क्यों बोल रहे हो,अभी तो हम बहुत छोटे हैं। इसके बाद आरक्षक कह रहा है बेटा जब मैं मर जाऊं तो मेरा नाम बदनाम मत करना, मेरा नाम रोशन करना। ये वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
बता दें कि सिटी थाने में पदस्थ आरक्षक देवेन्द्र मीणा को बुधवार को एसपी ने सस्पेंड कर दिया था। आरक्षक देवेन्द्र मीणा ने एसपी व टीआई को अनर्गल मैसेज भेजे थे। एसपी को भेजे मैसेज में उसने बिना टीआई वीरेन्द्र सिंह धाकड़ का नाम लिखे उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उसने लिखा था- मेरी बिना गलती के अब्सेंट डाली, मुझे बहुत दुख हो रहा। शायद ऊपर जाएगा अब यह। आपका एक दो स्टार वाला ऊपर गया। अब तीन स्टार वाला उसके पास जाएगा। धाकड़ अब गौतम के पास जाएगा, यह फाइनल लेख लिया जाए। इसके साथ ही आरक्षक देवेंद्र मीणा ने टीआई वीरेंद्र सिंह धाकड़ को भी उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप मैसेज कर स्वर्गीय एसआई दीपांकर गौतम के पास जाने के लिए सतर्क रहना अर्थात जान मारने की धमकी दी थी। इसके बाद एसपी ने आरक्षक देवेन्द्र मीणा को सस्पेंड कर दिया था।
Updated on:
12 Dec 2024, 5:30 PM IST
Published on:
12 Dec 2024, 5:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.