
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत, चाचा-भतीजी गंभीर (Photo Source- Input)
Tragic Accident :मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आलम ये है कि, यहां रोजाना सड़क हादसों में सैकड़ों लोग घायल हो रहे हैं, जबकि इन्हीं में से दर्जनों अपनी जान भी गवा रहे हैं। हालिया भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है सूबे के राजगढ़ जिले के ब्यावरा से। यहां शहर के एबी रोड बायपास पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। शुक्रवार देर शाम रेस्टहाउस रोड के जोड़ पर हुई इस दुर्घटना में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चालक युवक और उसकी भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद भीड़ ने पुलिस पर आरोपी वाहन को नहीं पकड़ने के आरोप में चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पुलिस अफसरों ने भीड़ को किसी तरह से जाम खुलवाया। तब कहीं जाकर करीब 45 मिनट बाद हाइवे पर यातायात बहाल हो सका।
देहात थाना पुलिस के अनुसार, मोया में रहने वाले 22 वर्षीय सुनील वर्मा पुत्र रामलाल वर्मा अपनी भाभी 26 वर्षीय पवित्रा पत्नी अनिल वर्मा और एक साथ के भतीजे कान्हा वर्मा और 4 वर्षीय बच्ची टुकटुक के साथ बाइक से राजगढ़ बायपास चौराहे से एबी रोड बायपास की तरफ जा रहा था। तभी शाम करीब 6.45 बजे करीब पीछे से आ रहा ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गाड़ी समेत गिर गए। ट्रक पवित्रा और उसकी गोद में बैठा कान्हा को रौंदता हुआ ऊपर से निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि मृतका का बाइक चालक देवर अनिल और 4 साल की बच्ची घायल हो गए।
आरोप है कि, घटना के वक्त रेस्टहाउस जोड़ पर खड़ी देहात थाने की डायल- 112 के पायलट और स्टॉफ ने भी आरोपी वाहन व चालक को पकड़ने की कोशिश नहीं की। इससे नाराज होकर मौके पर जमा हुई भीड़ ने एक लेन पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे शहर टीआई वीरेंद्र धाकड़, देहात थाने के फोर्स ने किसी तरह से समझाइश देते हुए भीड़ को नियंत्रण में लिया। साथ ही मृतक मां, बेटे के शवों का पंचनामा कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, साथ ही जाम खुलवाया। इस पूरे घटनाक्रम में करीब एक घंटे हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस की समझाइश के बाद जब लोग माने, तब कहीं जाकर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
Updated on:
18 Apr 2026 06:57 am
Published on:
18 Apr 2026 06:57 am
