6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ब्यावरा में अनियंत्रित होकर पलटा टैंकर, चालक की मदद के बजाए पेट्रोल-डीजल लूटने उमड़ पड़ी भीड़

Fuel Tanker Overturned : नेशनल हाइवे 52 के कचनारिया गांव के पास की घटना। हाइवे पर पलटा टैंकर, पेट्रोल- डीजल भरने उमड़े लोग, पुलिस ने खदेड़ा, घंटेभर यातायात बाधित रहा।

3 min read
Google source verification
Fuel Tanker Overturned

ब्यावरा में अनियंत्रित होकर पलटा तेल से भरा टैंकर (Photo Source- Input)

Petrol Diesel Loot : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा से गुजरने वाले नेशनल हाइवे - 52 पर शुक्रवार शाम को उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब हजारों लीटर पेट्रोल से भरा एक टैंकर अचानक तकनीकी खराबी के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि, टैंकर में आग नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि पुलिस ने तत्काल पहुंचकर स्थिति को संभाला। एहतियात के तौर पर तकरीबन एक घंटे तक यातायात रोकना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, टैंकर नंबर एमपी 07-जेड के 7896 इंदौर से पेट्रोल भरकर मुरैना जिले कैलारस जा रहा था। शाम करीब 4 बजे देहात थाना क्षेत्र के कचनारिया रेशम केंद्र के पास अचानक टैंकर की स्टीयरिंग सिस्टम का हिस्सा फेल हो गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सडक़ किनारे पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना का फोर्स मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पेट्रोल से भरे टैंकर के पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हडक़ंप मच गया।

पेट्रोल- डीजल भरने उमड़ पड़ी भीड़

टैंकर पलटने के बाद आसपास के कई लोग मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इनमें से कुछ लोग मदद करने के बजाय मौके का फायदा उठाने में लग गए। टैंकर के ऊपरी हिस्से से रिस रहे पेट्रोल को लोग बोतलों और अन्य प्लास्टिक की कुप्पियों, केन में भरकर ले जाने लगे। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही ऐसे लोगों को खदेड़ा गया और क्षेत्र को खाली कराया गया।

बड़े हादसे की आशंका से बढ़ाई सुरक्षा

पेट्रोल - डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थ से भरे टैंकर के पलटने से किसी भी समय आग लगने या विस्फोट जैसी स्थिति बनने की आशंका थी। इसे देखते हुए देहात थाने के एएसआइ गंगाप्रसाद साहू ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की। इसके बाद करनवास, शहर थाने से भी पुलिस जवान मौके पर भेजे गए। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर निगरानी रखी गई। घटना स्थल के कई मीटर दूर तक लोगों को दूर रखा गया।

एहतियात के तौर पर रोका ट्रैफिक

घटना के बाद पुलिस ने हाइवे पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी। अधिकारियों का कहना था कि किसी वाहन से निकलने वाली चिंगारी या अन्य ज्वलनशील कारण से दुर्घटना और गंभीर रूप ले सकती थी। सुरक्षा कारणों से करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई। इसके सतह ही संभावित खतरे को देखते हुए ब्यावरा, पचोर से फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां भी मौके पर पहुंचीं। पूरी कार्रवाई के दौरान अग्निशमन दल अलर्ट मोड पर रहा और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। मौके पर क्रेन बुलाई गई, जिसकी सहायता से पलटे हुए टैंकर को सीधा किया। इस दौरान सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

चालक ने कूदकर बचाई जान

टैंकर चालक राजकुमार पुत्र प्रहलाद धाकड़ 26 साल ने बताया कि वह सुबह इंदौर से पेट्रोल लेकर रवाना हुआ था। रास्ते में टैंकर पूरी तरह सामान्य चल रहा था, लेकिन ब्यावरा के पास अचानक स्टीयरिंग फेल हो गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। खतरा भांपते हुए उसने तुरंत टैंकर से छलांग लगा दी। कुछ ही क्षण बाद टैंकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि चालक को इस हादसे में कोई गंभीर चोट नहीं आई।