
बिना ड्राइवर के डंपर से बड़ा हादसा (Photo Source- Patrika)
MP News : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय के दरगाह गेट के पास सोमवार दोपहर में एक बिना ड्राइवर के डंपर ने मौत का भीषण तांडव किया। हादसे ने पूरे इलाके को दहलाकर रख दिया। बिना ड्राइवर के खड़ा एक डंपर अचानक ढलान पर लुढ़क गया और रास्ते में खड़ी एक कार को टक्कर मारते हुए दो पैदल जा रही युवतियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल हुई है।
घटना में नंदनी पिता वल्लभ सिंह भिलाला (20) निवासी भादाहेड़ा खिलचीपुर की मौत हुई है। वहीं, उसकी सहेली सुमन पिता रामचरण (20) निवासी पीपल्या रसौड़ा थाना बोड़ा गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि, नंदनी सहेली के साथ पैदल होस्टल की ओर जा रही थी। तभी पीछे से आ रहे डंपर ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि, नंदनी को बुरी तरह सिर कुचल गया, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, सुमन गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवती को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
हादसे के दौरान डंपर एक कार से टकराते हुए घाटी से नीचे खाई में जा गिरा, जिससे कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि, डंपर को ढलान पर ठीक से खड़ा नहीं किया गया था, जिसके चलते वो अचानक लुढ़क गया और ये भीषण हादसा हो गया।
दरअसल, इन दिनों जिला मुख्यालय पर उर्स का आयोजन चल रहा है। ऐसे में जहां ये हादसा हुआ, उसी मार्ग पर इलाके में काफी भीड़ रहती है। अगर हादसे के समय वहां ज्यादा भीड़ होती तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती है। इसके पहले भी एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने मुख्य बाजार इलाके में तबाही मचाई थी। लेकिन, कुछ दिन बाद पुलिस-प्रशासन और लोग सब भूल गए। ऐसे में लापरवाही फिर शुरू हो गई। घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि, ढलान वाले इलाकों में भारी वाहनों की पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाई जाए। ताकि, भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
दोनों छात्राएं कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही थीं। दोनों सेकंडरी की छात्राएं हैं, जो छात्रावास में रहती है। रोजाना सुबह 11.25 बजे छात्राओं को कॉलेज के लिए बस लेने आती थी। सोमवार को भी छात्राएं बस से कॉलेज गई। लेकिन, लौटते समय वो पैदल ही छात्रावास की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान ट्रक की चपेट में आ गईं। बहरहाल, घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
Updated on:
17 Mar 2026 07:23 am
Published on:
17 Mar 2026 07:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
