
Workers stopped at Biaora so vehicles stopped at check point
ब्यावरा. सीएए के समर्थन में बिना अनुमति भाजपा द्वारा निकाली गई रैली रोकने के लिए प्रशासन ने शनिवार रात से ही चाक चौबंद व्यवस्था कर ली थी। इसके बावजूद बवाल हुआ। रात में 11 बजे ब्यावरा पहुंचीं कलेक्टर और एसपी ने तमाम जगह का मुआयना किया।
आयोजन स्थलों पर ताले लगवा दिए। अनाउंस करवा दिया कि रैली में कोई शामिल न हो। कानून व्यवस्था का पालन करें। रविवार को जगह-जगह चैक पॉइंट पर वाहन रोक दिए गए। इससे बस यात्रियों की फजीहत हुई। कई के जरूरी काम छूट गए।
रविवार दोपहर 12 बजे से भाजपाई वैष्णोदेवी मंदिर पर जमा होने लगे। यहां से तिरंगा रैली के तौर पर पैदल निकले। तभी रास्ते में कलेक्टर ने लोगों को दबोचना शुरू कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लाठियों के बल पर खदेड़ा।
शाम तक करीब 150 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए। दर्जनभर से अधिक को गिरफ्तार किया गया। इनमें राजगढ़ के पूर्व सीसीबी चेयरमैन कैलाश मौर्य, ब्यावरा के भाजपा नेता विनोद नागर सहित अन्य शामिल हैं।
डिप्टी कलेक्टर से अभद्रता, दो पर केस
पशु चिकित्सालय के सामने प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे पहुंचीं डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा ने झंडा लहरा रहे एक युवक को पकड़ा और थप्पड़ जड़ दिए। इससे भाजपाई आक्रोशित हो गए।
इस बीच किसी ने वर्मा को पीछे से पैर मारा। इससे उन्हें चोट भी आई है। एक युवक ने भीड़ में उनके बाल भी खींच दिए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर को पैर मारने वाले भूपेंद्र राजपूत निवासी बोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। बाल खींचने वाले की तलाश की जा रही है। पुलिस ने धारा-353, 354, 332 और 188 सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।
एक का सिर फूटा, दूसरे का बीपी बढ़ा
एबी रोड पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो कुछ लोग गिर गए। कुछ भाग निकले। कोई पेट्रोल पम्प के पीछे घुस गया तो कोई गलियों में। झड़प के दौरान दो लोग घायल हो गए। विकास करोडिय़ा को सिर में चोट आई है। दीपकमल शर्मा का बीपी बढ़ गया। दोनों को ब्यावरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया।
मुनादी करवाई, मार्केट कराया बंद
शहर में सीएए की रैली से पहले पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और गुना बटालियन के जवान ब्यावरा पहुंच गए थे। डिप्टी कलेक्टर श्रुति अग्रवाल ने बाजार की दुकानें बंद करवाईं। मेडकिल स्टोर, भोजनालय, पेट्रोल पम्प और शराब की दुकान भी बंद करवा दिए। इससे पहले नगर पालिका ने सुबह मुनादी करवा दी थी।
ये हुए गिरफ्तार
विश्व हिंदू परिषद पदाधिकारी डॉ. अशोक अग्रवाल, मुकेश सेन, कंचन सोनी, तृप्ति शर्मा, चंद्रकला बाई सहित 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
जब देश में इमरजेंसी लगी थी, तब भी ऐसा दौर हमने नहीं देखा। ऐसे हालात प्रशासन ने जानबूझकर पैदा किए। कलेक्टर जिले को चारागाह न समझें। कलेक्टर द्वारा किया गया कृत्य समझ और बुद्धि से परे है और निंदनीय है।
- भगवत शरण माथुर, राष्ट्रीय संगठन मंत्री, भाजपा
जब धारा 144 लगी है तो क्या जरूरत थी माहौल बिगाडऩे की। एक महिला अधिकारी से बदतमीजी करते हैं और बोलते हैं शांतिपूर्ण प्रदर्शन था। प्रशासन कभी ऐसा नहीं करता, लेकिन कानून हाथ में लेने पर मजबूरी में उन्हें सख्त होना पड़ता है।
- गोवर्धन दांगी, कांग्रेस विधायक, ब्यावरा
Published on:
21 Jan 2020 10:46 am

बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
