
अभ्यर्थी को अपराध और आय का देना होगा ब्योरा, नया बैंक खाता भी खुलवाना जरूरी
राजनांदगांव। CG Election 2023 : विधानसभा चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र में 7 नवम्बर को मतदान होना है। 13 अक्टूबर से नामांकन फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा चुनाव की तैयारी पूरी कर ली गई है। नामांकन के दौरान अभ्यर्थियों के साथ सिर्फ चार समर्थक ही रिटर्निंग दफ्तर में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं नामांकन के दौरान अभ्यर्थियों को अपराध और इनकम की जानकारी आवश्यक रूप से देनी होगा। जिले के सभी विभानसभा क्षेत्र में 7 नवम्बर को मतदान है। 13 अक्टूबर से नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। 20 अक्टूबर को नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि है। 21 अक्टूबर को नाम वापसी के बाद प्रचार-प्रसार जोर पकड़ेगा।
चुनाव लड़ने वाले सामान्य अभ्यर्थियों के लिए जमा की जाने वाली निक्षेप राशि 10 हजार रुपए, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 5 हजार रूपए निर्धारित है। अभ्यर्थी को एक पृथक बैंक अकाउंट नामांकन दाखिल करने के कम से कम 1 दिन पूर्व खोलना होगा। नामांकन पत्र दाखिल करते समय अभ्यर्थी को इस पृथक बैंक अकाउंट का उल्लेख करना होगा। निर्वाचन के दौरान अभ्यर्थी द्वारा किए जाने वाले निर्वाचन व्यय की सीमा 40 लाख रूपए होगी।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 75-राजनांदगांव अंतर्गत नाम निर्देशन के लिए कलेक्टोरेट के न्यायालय कलक्टर कक्ष क्रमांक 2 में नाम निर्देशन कक्ष बनाया गया है। एसडीएम राजनांदगांव अरूण कुमार वर्मा को निर्वाचन अधिकारी तथा डिप्टी कलक्टर सरस्वती बंजारे एवं तहसीलदार मनीष कुमार वर्मा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 76-डोंगरगांव अंतर्गत नाम निर्देशन के लिए कलेक्टोरेट के न्यायालय भाड़ा नियंत्रण अधिकारी कक्ष क्रमांक 50 में नाम निर्देशन कक्ष बनाया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डोंगरगांव अश्वन कुमार पुसाम को निर्वाचन अधिकारी तथा तहसीलदार डोंगरगांव प्यारे लालनाग एवं तहसीलदार लाल बहादुर नगर डीकेश्वर कुमार साहू को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बनाया है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 77-खुज्जी अंतर्गत नाम निर्देशन के लिए कलेक्टोरेट के न्यायालय अपर कलक्टर कक्ष क्रमांक 30 में नाम निर्देशन कक्ष बनाया गया है। अपर कलक्टर इंदिरा नवीन सिंह को निर्वाचन अधिकारी तथा डिप्टी कलक्टर अमीय श्रीवास्तव एवं तहसीलदार विजय कोठारी को सहायक ऑफिसर बनाया है।
मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति गठित
राज्य एवं जिला स्तर पर मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति राजनैतिक विज्ञापनों का प्रमाणन करेगी। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सभी माध्यम जैसे टीवी चैनल, केबल टीवी चैनल, रेडियो (निजी एफएम रेडियो सहित), ई-समाचार पत्र, बल्क एसएमएस व वाईस मैसेज, सार्वजनिक स्थलों पर दृश्य-श्रव्य माध्यम, सोशल मीडिया वेब पेज पर राजनीतिक विज्ञापन प्रसारण से पूर्व एमसीएमसी कमेटी से राजनीतिक दल एवं अभ्यर्थी अनुमति लेंगे। निर्वाचन संबंधी किसी विज्ञापन, पोस्टर, पर्चे या किसी अन्य अभिलेख पर उसके प्रकाशक एवं प्रिंटर का नाम, पता एवं मुद्रित संख्या छपा होना आवश्यक है।
16 को भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
विस चुनाव में प्रत्याशियों के चयन में भाजपा तो कांग्रेस से दो कदम आगे निकल गई है। भाजपा ने जिले के सभी विस क्षेत्र से अपना प्रत्याशी घोषित कर दी है। वहीं कांग्रेस में मंथन का दौर चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव से भाजपा प्रत्याशी डॉ. रमन सिंह 16 अक्टूबर को शक्ति प्रदर्शन के साथ अपना नामांकन दाखिल करने वाले हैं। जबकि कांग्रेस अब तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है।
Published on:
12 Oct 2023 01:23 pm

बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
