
Rajnandgaon News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के छुरिया नगर के पहाड़ी में स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर के पास काले रंग तेंदुआ देखे जाने की जानकारी सामने आई है। नगर के एक युवक ने तेंदुआ का वीडियो बनाया है। रहवासी क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से छुरिया नगर सहित आस-पास के गांवों में दहशत का माहौल है। वहीं वन विभाग भी अलर्ट हो गया है। तेंदुआ का लोकेशन लेने कुछ जगहों पर कैमरा ट्रैप लगाया गया है।
काला तेंदुआ नगर के पहाड़ी में स्थित दंतेश्वरी मंदिर के पास विचरण करते दिखा। विचरण करते तेंदुआ को नगर के एक युवक ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया में डाल दिया। सोशल मीडिया में यह मामला तेजी से फैला और क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए।
वन विभाग के एसडीओ योगेश साहू ने बताया कि पहाड़ी में मंदिर के पास काला तेंदुआ देखे जाने की सूचना पर क्षेत्र में कुछ जगहों पर कैमरा ट्रैप लगाकर लोकेशन लिया जा रहा है। वहीं पद चिन्ह की भी पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि वीडियो में काला तेंदुआ दिख रहा है, लेकिन विभाग को अभी किसी प्रकार का सबूत नहीं मिला है।
इधर ठेलकाडीह क्षेत्र के ग्राम खैरझिटी में पुलिया के पास बाघ देखे जाने की अफवाह से ग्रामीण दहशत में आ गए थे। बाद में वन विभाग ने सोशल मीडिया में चल रहे वायरल खबर और वीडियो को फर्जी बताया। बता दें कि खैरझिटी मनगटा वन चेतना केंद्र से लगा हुआ गांव है। सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक बाघ को पुलिया के पास से सड़क पार करते हुए दिखाया गया। यह खबर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आग की तरह फैल गई। पिछले दिनों खैरागढ़ क्षेत्र में भी बाघ देखे जाने की खबर वायरल हुई थी बाद में उसे भी फर्जी बताया गया था। वन विभाग के एसडीओ योगेश साहू ने बताया कि खैरझिटी क्षेत्र में बाघ देखे जाने की वायरल वीडियो पूरी तरह गलत व झूठ है। क्षेत्र में बाघ की आमद नहीं है। ग्रामीणों को भी इस संबंध में सूचित किया गया है।
Published on:
22 Feb 2025 01:55 pm

बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
