
ऑनलाइन सट्टा खेलते 7 आरोपी गिरफ्तार (Photo Patrika)
Online satta: राजनांदगांव में इन दिनों देश में आईपीएल क्रिकेट का दौर चल रहा है। आईपीएल क्रिकेट की आड़ में ऑनलाइन सट्टा का कारोबार भी फलफूल रहा है। शहर के मोहारा पुल के पास अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बसंतपुर पुलिस ने एक हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
मोहारा नाला (बजरंग नगर) के पास खेत में संचालित इस अवैध कारोबार पर दबिश देकर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
जिले में आईपीएल क्रिकेट में हाइटेक सट्टा का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। इससे पहले शनिवार को घुमका पुलिस ने एक फार्म हाऊस में दबिश देकर आईपीएल क्रिकेट सट्टा का खुलासा किया था। पुलिस ने मौके से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जबकि दो आरोपी फरार हो
गए थे।
बसंतपुर टीआई एमन साहू ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी के निर्देशन में साइबर सेल और थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम ने की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहारा पुल के पास खेत में अत्याधुनिक उपकरणों के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से सांई एप के जरिए आईपीएल मैचों की हर गेंद और ओवर पर लाखों रुपए का दांव लगवा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 और 8 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 112 (संगठित अपराध) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) भी जोड़ी गई है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सट्टेबाजी के लिए सांई एप का उपयोग किया जा रहा था। वहीं पूरे लेन-देन और हिसाब-किताब कोड भाषा में रखा जा रहा था ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान जब्त किया। जब्त सामग्री में 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 7 मोबाइल, 1 मोटरसाइकिल, 3 चार्जर और 1000 रुपए नकद शामिल हैं। पट्टी में करीब 9 लाख 20 हजार रुपए का लेन-देन दर्ज मिला।
Updated on:
07 Apr 2026 05:16 pm
Published on:
07 Apr 2026 05:16 pm
