
Water problem news
देवगढ़. तहसील क्षेत्र की जीरण ग्राम पंचायत के दिवेर पुलिस थाना अंतर्गत रतना का गुड़ा गांव में पानी निकासी को लेकर उपजा विवाद अचानक गंभीर रूप ले बैठा। कुछ लोगों द्वारा नाली पर मिट्टी डालकर पानी का रास्ता अवरुद्ध कर देने से हालात बिगड़ गए और पानी कई घरों में घुस गया। स्थिति इतनी विकट हो गई कि ग्रामीणों को अपने ही घर छोड़कर खेतों में टेंट लगाकर शरण लेनी पड़ी। हालांकि, प्रशासन की तत्परता और समझाइश के बाद मामला फिलहाल शांत हो गया है। ग्रामीणों की सूचना पर प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया। भीम डीएसपी राकेश वर्मा, तहसीलदार मनोज कुमार, देवगढ़ विकास अधिकारी गुलाब सिंह गुर्जर, सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनिल कुमार मीणा, दिवेर नायब तहसीलदार बाबुलाल और थानाधिकारी दौलत सिंह पुलिस जाप्ते व राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जीरण सरपंच प्रशासक चंद्रभान सिंह चुंडावत, आरआई आसिफ मोहम्मद और पटवारी ने भी मौके पर पहुंचकर सीमांकन की कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर से ही हालात ऐसे बन गए थे कि करीब 20-25 दलित परिवार अपने पालतू पशुओं और जरूरी सामान के साथ गांव छोड़कर खेतों में टेंट लगाकर रहने को मजबूर हो गए। पीड़ितों ने जिला कलक्टर को दिए ज्ञापन में बताया कि 6 अप्रेल को की गई शिकायत के बाद 9 अप्रेल को प्रशासन अतिक्रमण हटाने पहुंचा था, लेकिन कार्रवाई के दौरान श्रवण सिंह रावत ने अधिकारियों को खुलेआम धमकी दी और कुएं में कूदने का प्रयास कर राजकार्य में बाधा उत्पन्न की। इसके चलते प्रशासनिक टीम को बिना कार्रवाई पूरी किए लौटना पड़ा। टीम के लौटते ही नाली और सड़क को फिर से पत्थर व मिट्टी डालकर पूरी तरह बंद कर दिया गया।
इस घटना से भयभीत ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पलायन कर रहे परिवारों के लिए सुरक्षा, राहत, भोजन, आवास और पुनर्वास की व्यवस्था करने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि नाली और रास्ते को साफ कर दलित बस्ती तक पानी निकासी का स्थायी समाधान किया जाए।
रतना का गुड़ा गांव में नाली निकासी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसे प्रशासनिक हस्तक्षेप से सुलझा दिया गया है। ग्रामीणों की मांग पर सीमांकन कराया गया है और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पानी निकासी के लिए खड्डा खुदवाया गया है। साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करीब 20 लाख रुपए का नाला निर्माण प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
मनोज कुमार, तहसीलदार
दोनों पक्षों से वार्ता कर प्रशासन की मौजूदगी में विवाद का निपटारा करवा दिया गया है और स्थायी समाधान के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को पत्र लिखा गया है।
चंद्रभान सिंह चुंडावत, प्रशासक,ग्राम पंचायत जीरण
उक्त मामले में ग्रामीणों से प्रशासन द्वारा समझाइश कर विवाद को सुलझा दिया गया, फिलहाल गांव में शांति का माहौल है ओर किसी बात का कोई विरोधाभास नहीं है।
दौलत सिंह, थानाधिकारी, दिवेरे
Published on:
11 Apr 2026 10:42 am
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
