राजसमंद. राजसमंद संसदीय क्षेत्र में लोकसभा चुनाव की तैयारी अंतिम चरण में है। संसदीय क्षेत्र में 2125 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। यहां पर 20,60,942 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
लोकसभा चुनाव के द्वितीय चरण में राजसमंद संसदीय क्षेत्र में 26 अप्रेल को मतदान होगा। इस संसदीय क्षेत्र में आठ विधानसभा क्षेत्र आते हैं। प्रशासन चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। मतदान दलों के प्रशिक्षण का कार्य पूरा हो गया है। बुधवार को दोपहर बाद से अधिग्रहित वाहन पहुंचने शुरू होंगे। इसके लिए बालकृष्ण स्टेडियम में तैयारी जारी है। यहां पर मतदान दलों की रवानगी से पहले अंतिम प्रशिक्षण देकर ईवीएस के साथ रवाना किया जाएगा। शुक्रवार को मतदान के बाद देर शाम से मतदान दलों की वापसी प्रारंभ होगी। इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
जिला परिवहन अधिकारी कल्पना शर्मा ने बताया कि वाहनों के अधिग्रहण का कार्य पहले ही पूरा हो गया था। इसके पश्चात वाहनों को अलॉट करने की तैयारी पूरी कर ली है। बुधवार को दोपहर बाद से वाहनों के पहुंचने का काम शुरू होगा। वाहने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल के निकट मैदान में पहुंचेंगे। वहां से वाहन बालकृष्ण स्टेडियम में भेजे जाएंगे। वहां से गुरुवार को सुबह से ही वाहनों की रवानगी शुरू कर दी जाएगी। इसके पश्चात मतदान के बाद देरशाम से वाहनों की पुन: वापसी प्रारंभ होगी।