18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इस सीट पर तीन बार जीती थी मां, अब बेटी की दूसरी जीत से बना 72 साल के इतिहास का नया रिकॉर्ड

Rajasthan Election Result 2023 जिले के 72 साल के इतिहास में राजसमंद सीट पर सर्वाधिक 31962 मतों से दीप्ति माहेश्वरी ने प्रतिद्वंद्वी को दी पटखनी, 21 में से केवल 12वें राउण्ड में कांग्रेस उम्मीदवार को भाजपा प्रत्याशी से मिले ज्यादा मत, 20 राउण्ड में दीप्ति रहीं आगे

2 min read
Google source verification
dsc_2742.jpg

भाजपा ने इस सीट पर लगातार पांचवीं जीत के साथ ही जिले में विधानसभा चुनावों के 72 साल के इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज की। मौजूदा विधायक व पार्टी प्रत्याशी दीप्ति माहेश्वरी ने 94043 मत हासिल करने के साथ ही 31962 मतों की रिकॉर्ड तोड़ विजय प्राप्त की। इससे पहले उनकी मां किरण माहेश्वरी ने वर्ष 2013 के चुनाव में 30575 मतों के अंतर से हरि सिंह राठौड़ को हराया था।

राजसमंद सीट पर कुल 21 राउण्ड में गणना पूरी हुई। 11 राउण्ड में दीप्ति लगातार आगे रहीं, वहीं 12वें राउण्ड में कांग्रेस के नारायण सिंह भाटी को 4245 वोट मिले, जबकि माहेश्वरी को 3818 मत मिले। यहां अंतर 427 का रहा। इस राउण्ड तक भाजपा को कुल 58038 और कांग्रेस को 35563 वोट मिल चुके थे। इसके बाद आखिरी 21वें राउण्ड तक दीप्ति आगे रहीं और जीत पक्की कर ली।

बागी बड़ाला को 13599 वोट, तीसरे नम्बर पर रहे
राजसमंद सीट पर स्थानीय प्रत्याशी के नाम पर भाजपा से बगावत कर चुनाव लड़े दिनेश बड़ाला को 13599 वोट मिले। वह तीसरे नम्बर पर रहे। कयास थे कि बड़ाला यहां भाजपा की गणित बिगाड़ सकते हैं, लेकिन 2021 के उपचुनाव के मुकाबले भाजपा ने यहां जीत का अंतर में 26652 मतों का और इजाफा कर लिया।

दीप्ति की दूसरी जीत
पूर्व मंत्री किरण माहेश्वरी के 2020 में निधन के बाद भाजपा ने उपचुनाव में उनकी बेटी दीप्ति को मैदान में उतारा था। सहानुभूति की लहर पर सवार पुत्री दीप्ति को विजय प्राप्त हुई। भाजपा ने दोबारा टिकट दिया और दूसरी बार राजसमंद में उनकी जीत सुनिश्चित हुई।

फैक्ट फाइल
दीप्ति माहेश्वरी (भाजपा) : 94043 (+31962)
नारायण सिंह भाटी (कांग्रेस) : 62081
डाक मत-पत्र : 1659
नोटा : 1238
ईवीएम : 1,74,135
कुल : 1,75,794

16 चुनावों में जीत : भाजपा 8, कांग्रेस 7, जेएनपी 1

जनता और कार्यकर्ताओं की जीत
राजसमंद की जनता और भाजपा की पूरी टीम, पन्ना प्रमुख से लेकर सभी पदाधिकारियों तक का बहुत-बहुत आभार। यह ऐतिहासिक नतीजा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से मिला। जनता ने पूरे राज्य में भाजपा को बहुमत देकर जागरुकता का परिचय दिया है। चिकित्सा और शिक्षा पर प्राथमिकता से काम करूंगी।
दीप्ति माहेश्वरी, भाजपा की विजेता प्रत्याशी, राजसमंद

जनता का आदेश शिरोधार्य
जनता का आदेश शिरोधार्य है। जनता के लिए आगे भी काम करते रहेंगे। जनता का आभार। विजेता प्रत्याशी को मेरी तरफ से बधाई।
नारायण सिंह भाटी, कांग्रेस प्रत्याशी