16 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी में अंबेडकर जन्मोत्सव की धूम: रामपुर-मुरादाबाद में भव्य शोभायात्राएं, संभल में दर्दनाक हादसा

Ambedkar Jayanti: रामपुर और मुरादाबाद में अंबेडकर जयंती पर भव्य शोभायात्राओं और झांकियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया, वहीं संभल में तैयारियों के दौरान एक युवक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

2 min read
Google source verification
ambedkar jayanti up rampur moradabad sambhal

यूपी में अंबेडकर जन्मोत्सव की धूम | Image - FB/@akashsaxena

Ambedkar Jayanti News: रामपुर में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। अंबेडकर युवक संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ शहर विधायक आकाश सक्सेना ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने बाबा साहब के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

ढोल-नगाड़ों और नारों से गूंजा शहर

शोभायात्रा मोहल्ला पक्का बाग से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। ढोल-नगाड़ों की गूंज और 'जय भीम' के नारों ने माहौल को पूरी तरह से उत्सवमय बना दिया। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने इसमें भाग लेकर बाबा साहब के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

झांकियों ने दिखाई संघर्ष और विचारधारा

शोभायात्रा में डॉ. आंबेडकर और महर्षि वाल्मीकि की सजीव झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। इन झांकियों के माध्यम से बाबा साहब के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक न्याय की लड़ाई को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। मार्ग में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।

मुरादाबाद में परंपरागत अंदाज में निकली शोभायात्रा

मुरादाबाद में बाबा साहब की 135वीं जयंती पर शहर भर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंबेडकर पार्क में हुए मुख्य समारोह में कई प्रमुख अतिथियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद नगर के मुख्य मार्गों से पारंपरिक तरीके से विशाल शोभायात्रा निकाली गई।

ग्रामीण क्षेत्रों तक दिखा जयंती का उत्साह

शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी अंबेडकर जयंती पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब के योगदान को याद किया गया। झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को प्रेरणादायक बना दिया।

संभल में जयंती की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा

जहां एक ओर जयंती का उत्सव पूरे जोश के साथ मनाया जा रहा था, वहीं संभल जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। थाना रजपुरा क्षेत्र के सिंघोली पूर्वी गांव में जयंती की तैयारियों के दौरान एक युवक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

चेतावनी के बावजूद युवक ने उठाया जोखिम

जानकारी के अनुसार, दिनेश पुत्र लेखराज बिजली के खंभे पर चढ़कर बाबा साहब का झंडा लगा रहा था। ग्रामीणों ने उसे बार-बार खतरे के प्रति आगाह किया, लेकिन उसने उनकी बात अनसुनी कर दी। खंभे पर चढ़ते ही वह अचानक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया और नीचे गिर पड़ा।

गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

बड़ी खबरें

View All

रामपुर

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग