
पुलिस गिरफ्त में कोर्ट जाते आले हसन खां बीच में
समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खां के करीबी पूर्व सीओ आले हसन खां को रामपुर की अजीमनगर पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। सपा सरकार के दौरान वह हमेशा से आजम के करीबी अधिकारियों में शुमार रहे। पूर्व CO पर आरोप है कि उन्होंने आजम के जौहर यूनिवर्सिटी के लिए किसानों की जमीन हड़पने में उनकी मदद की थी। उन पर करीब 26 किसानों को जबरन उनके घर से उठाकर जेल में बंद कर बैनामे पर दस्तखत करवाने का आरोप है।
सपा सरकार के दौरान रामपुर में रही तैनाती
आले हसन खां को आजम के करीबी अधिकारियों में गिना जाता है। उनके आजम खां से करीबी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जब भी प्रदेश में सपा की सरकार रही उनकी तैनाती रामपुर में ही रही। वह जब इंस्पेक्टर थे तो उन्हें सिविल लाइंस कोतवाल बनाया गया था। प्रोन्नति होने पर उन्हें सीओ सिटी बना दिया गया।
आजम ने बना दिया था सिक्योरिटी ऑफिसर
आले हसन खां आजम के कितने करीब थे। इसका एक उदाहरण उस वक्त मिला जब उनके रिटायर होने के बाद आजम खां ने उन्हें अपने जौहर यूनिवर्सिटी का सिक्योरिटी ऑफिसर बना दिया था। तब से लेकर अब तक वह आजम खां के साथ ही छाये के तरह रहे। आजम के कहीं आने जाने से लेकर उनके और उनके परिवार की सुरक्षा का जिम्मा भी वही संभाल रहे थे।
2019 में आजम खां के साथ केस में आया नाम
सपा महासचिव आजम खां के खिलाफ 2019 में रामपुर के अजीम नगर थाने में आलियागंज गांव के 26 किसानों ने मुकदमे दर्ज कराया था। किसानों ने आरोप लगाया कि आजम खां ने उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करके उसे जौहर यूनिवर्सिटी में मिला दिया है।
किसानों को जबरन जेल में बंद करने का आरोप
इसी मुकदमें में रिटायर CO आले हसन खां का भी नाम शामिल है। उन पर आरोप है कि उन्होंने आजम खां के लिए किसानों को जबरन घरों से उठाकर हवालात में बंद कर दिया था। उन्हें मारपीट कर उनकी जमीनों को बिना मुआवजा दिए जौहर यूनिवर्सिटी के नाम बैनामा करा दिया। इसी के साथ कई मामलों में आले हसन खां के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट थे।
यह भी पढ़ें: UP Nikay Chunav: निरहुआ के प्रचार रथ को पुलिस ने रोका, दूसरी गाड़ी में होना पड़ा सवार
कोर्ट ने जारी किया था गैर जमानती वारंट
रामपुर के सीओ सिटी अनुज चौधरी ने बताया कि कोर्ट से 2 मामलों में आले हसन के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इनमें एक केस का क्राइम नंबर 34/20 और दूसरे का 83/22 है। आले हसन तारीख पर कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे थे। रविवार की सुबह आले हसन को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद कोर्ट में पेश किया गया।
Published on:
07 May 2023 02:38 pm
बड़ी खबरें
View Allरामपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
