
रामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा..
Rampur Accident News: रामपुर के शाहबाद क्षेत्र के बड़गांव चौराहे के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। दिल्ली से लौट रही एक निजी बस में पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन घुस गया। इस दर्दनाक टक्कर में बस के परिचालक रिजवान और यात्री अरशद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है, जब दिल्ली-सिरौली रूट पर चलने वाली बस बड़गांव चौराहे के पास रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे बस के पिछले हिस्से में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
बताया गया कि बस में सवार अरशद, कासिम और विशाल दिल्ली से अपनी दुकानों के लिए सामान खरीदकर लौट रहे थे। बस के रुकते ही परिचालक रिजवान लगेज कम्पार्टमेंट से सामान उतारने लगा। उसी दौरान अरशद, कासिम और विशाल भी उसकी मदद के लिए नीचे उतर आए। तभी अचानक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में बस परिचालक रिजवान और अरशद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं विशाल, कासिम और पिकअप चालक वसीम गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद पिकअप चालक वसीम अपने ही वाहन में बुरी तरह फंस गया, जिसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मेहनत के बाद वसीम को वाहन से बाहर निकाला गया और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने रिजवान और अरशद को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज शुरू किया गया।
घायल पिकअप चालक वसीम की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं कासिम और विशाल का इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। अपनों की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया और हर कोई रो-रोकर बेहाल हो गया। अरशद अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और रामपुर चौराहे पर ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था। वह दुकान के लिए सामान खरीदने दिल्ली गया था और वापसी में हादसे का शिकार हो गया।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने लोगों को हटाकर यातायात को सुचारू कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पिकअप के अनियंत्रित होने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
Published on:
02 Apr 2026 09:08 pm
बड़ी खबरें
View Allरामपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
