सुरक्षित बचाए गए लोगों ने बताया कि सवारी गाड़ी मनिका से तरहसी (पांकी, पलामू) गांव जा रही थी। जैसे ही गाड़ी मतनाग गांव के पास पहुंची, मैला नदी पर बना छलका (छोटा पुल) के ऊपर से पानी बहता नजर आया। उस पर सवार लोगों ने चालक को वाहन पार करने से मना किया, लेकिन ड्राइवर ने लापरवाही बरतते हुए यह कहकर वाहन को आगे बढ़ा दिया कि पानी कम है, गाड़ी पुल से पार हो जाएगी। लेकिन जैसे ही गाड़ी कुछ आगे बढ़ी , पानी के तेज बहाव की वजह से नदी में पलट गई। पांच लोगो को मनिका पुलिस व स्थानीय ग्रामीणो के सहयोग से तीन घंटे तक काफी मशक्कत कर बचाया गया। नायलोन की रस्सी नदी के दोनों छोर पर बांध कर सभी को इसी के सहारे सुरक्षित निकाला गया।