
6 कांग्रेस विधायकों ने रतलाम कलेक्टर को घेरा, गिरफ्तार होंगे कांग्रेस विधायक
रतलाम. आलोट कांग्रेस विधायक के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर के बाद शुक्रवार को कांग्रेस के करीब आधा दर्जन विधायक कलेक्टर से मिलने पहुंचे, काफी देर हंगामा करने के बाद कलेक्टर मिले तो बंद कमरे में कलेक्टर और विधायकों की जमकर बहस हो गई, अंत में वे कलेक्टर को विधानसभा में देखने की चेतावनी देकर चल दिए हैं, वहीं दूसरी तरफ एसपी ने साफ कह दिया है कि जिन धाराओं में केस दर्ज हुआ है वे गैर जमानती है, विधायक मनोज चावला को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
जिले के आलोट विधायक मनोज चांवला के खिलाफ गुरुवार को पुलिस ने लूट सहित अन्य गंभीर मामलों में मामला दर्ज किया था। इसके खिलाफ शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित 6 वरिष्ठ विधायक जब कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से मिलने गए तो कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल से कार्यालय में सार्वजनिक रुप से मिलने से इंकार कर दिया। बाद में जब बंद कमरे में करीब डेढ़ घंटे के धरने के बाद मुलाकात हुई तो वो भी गर्मागर्म बहस में बदल गई। इसके बाद बगैर कोई ज्ञापन दिए प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर को विधानसभा में बुलाने की चेतावनी देकर लौट गया।
प्रदेशभर में यूरिया खाद को लेकर चल रही मारामारी के बीच आलोट के कांग्रेस विधायक मनोज चावला और उनके साथी योगेंद्रसिंह जादौन सहित अन्य पर आलोट पुलिस ने विपणन संघ के गोदाम से खाद लूटने के मामले में लूट सहित शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज किया है। यह केस गोदाम इंचार्ज के आवेदन पर किया गया है। गोदाम से किसानो को खाद लूटने के मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन में हडक़ंप मच गया था और शाम को कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी भी आलोट पहुंचे थे। कलेक्टर ने एसडीएम को हटाने के निर्देश दिए थे किंतु शुक्रवार को उन्होंने उन्हें वहीं पर पदस्थ रहने की बात कही।
आलोट थाने के सब इंस्पेक्टर जोरावरसिंह सिसोदिया को मप्र राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित रतलाम शाखा आलोट के इंचार्ज 53 साल के भगतराम पिता जगन्नाथ येदू निवासी हाउसिंग बोर्ड कलोनी आलोट ने आवेदन दिया कि वे 10 नवंबर को अपने सहकर्मी कम्प्यूटर ऑपरेटर अशोक कुमार चंद्रवंशी, चौकीदार आशाराम पाटीदार एवं मुकद्दम जगदीश माली एवं अन्य हम्माल के साथ गोदाम पर किसानों को खाद वितरण का कार्य कर रहे थे। दोपहर तकरीबन 12.30 बजे गोदाम का एफएमएस पोर्टल का सर्वर डाउन होने से कार्य में कुछ रूकावट आ गई। इसके बाद खाद लेने वालो की भीड़ बड गई तब हम किसानों को ऑफलाइन मोड में खाद वितरण करने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान विधायक मनोज चावला और योगेंद्रसिंह जादौन आए और उन्होंने गोदाम का शटर उठाकर अपने लोगों को कहा कि- उठा लो, लूट लो। इसके बाद मनोज चावला एवं उनके साथियों ने गोदाम में रखे शासकीय उर्वरक एवं खाद की बोरियों को लूट लिया और वहा से भाग गए। गोदाम से लोग 28 बोरियां लूट ले गए जिनमें 6 बोरी डीएपी, 1 बोरी कम्प्लेक्स उर्वरक एवं 21 बोरी यूरिया की गोदाम में गणना के समय कम पाई गई। लूटी गई खाद की बोरियों की कीमत 15096.50 रुपए है। विधायक और उनके साथी ने शासकीय संपत्ति की लूट, शासकीय कार्य में बाधा, शासकीय हानि पहुंचाई गई। पुलिस ने दोनों पर 353, 332 और 392 में केस पंजीबद्ध कर लिया।
ये हुआ शुक्रवार को
शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष पटवारी जीतू पटवारी, झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया के अलावा सैलाना विधायक हर्ष विजय गेहलोत, कालापिपल विधायक कुणाल चौधरी, वालसिंह मईड़ा, वीरसिंह भूरिया सहित बड़ी संख्या में शहर, जिला, युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां पर एसडीएम संजीव केशव पांडे व अपर कलेक्टर एमएल आर्य बात करने आगे आए तो विधायकों ने बात करने से इंकार कर दिया। विधायकों का कहना था कि कलेक्टर आए व ज्ञापन ले, जो भी बात होगी वो सभी के सामने ही होगी। इस बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू की तो विधायक पटवारी ने इससे रोक दिया। पटवारी ने कार्यकर्ताओं को कहा कि धेर्य के साथ आंदोलन किया जाए। बगैर नारेबाजी के मौन रहकर धरना दिया जाए। करीब डेढ़ घंटे के धरने के बीच पटवारी को छोडक़र शेष विधायक कलेक्टर सूय्रवंशी से मिलने गए व बाहर आने को कहा तो कलेक्टर ने इंकार कर दिया। इसके बाद धरना जारी रहा।
एक हेक्टेयर में कितने बीघा होते
करीब डेढ़ घंटे बाद जब सभी छह विधायक कलेक्टर के चेंबर में मिलने गए तो विधायक भूरिया इस बात पर नाराज हो गए कि विधायक से मिलने कलेक्टर बाहर क्यों नहीं आए। इस पर कलेक्टर ने कहा कि गंभीर मामले पर रोड पर बात नहीं होती। इसके बाद विधायक चौधरी ने सवाल कर लिया कि ये बताओं कि एक हेक्टयर में कितने बीघा होता है व कितनी खाद दी जा रही है। इसी बीच सैलाना विधायक गेहलोत ने किसी किसान से बात कर बताया कि पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है। इस बीच कलेक्टर ने कह दिया कि वे दू पर दू जवाब देने नहीं बैठे है। सभी का सम्मान है, खाद की कमी है ही नहीं। इसके बाद विधायक पटवारी नाराज हो गए व सभी को बाहर आने का बोलकर उठ गए। विधायक पटवारी ने कलेक्टर सूर्यवंशी को कहा कि अब विधानसभा में बुलाकर ही बात की जाएगी।
ये लोकतंत्र की हत्या
कलेक्टर भाजपा के ऐजेंट बनकर काम कर रहे है। ये जनप्रतिनिधियों से नहीं मिलकर लोकतंत्र की हत्या कर रहे है। अब इनको विधानसभा में बुलाकर बात की जाएगी।
- जीतू पटवारी, विधायक व प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष
जल्द गिरफ्तार कर लेंगे
जिन धाराओं में विधायक मनोज चांवला पर केस दर्ज किया है वे सभी गैरजमानती धाराएं हैं। इनमें उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। गिरफ्तारी के बाद विधानसभा अध्यक्ष को विधिवत सूचना भी भेजेंगे।
-अभिषेक तिवारी, पुलिस अधीक्षक, रतलाम
नियम से बाहर जाकर नहीं
कोई भी काम नियम से बाहर जाकर नहीं किया जा सकता। जिले में खाद की कोई कमी नहीं है, प्रतिनिधिमंडल आया तो कमरे में सम्मान के साथ बात करना चाही, लेकिन वे रोड पर बात करना चाहते थे, ये संभव नहीं है।
- नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर
Updated on:
12 Nov 2022 09:34 am
Published on:
12 Nov 2022 09:32 am
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
