बीजेपी जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया पर कई मैसेमैसेज किए फॉरवर्ड।
मध्य प्रदेश में चुनावी साल में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी में गुटबाजी का मामला सामने आया है। भले ही भाजपा और संगठन के नेता पार्टी में गुटबाजी न होने के लाख दावे करते हैं, लेकिन हकीकत इससे उलट खेमे में उठापटक के तौर पर सामने आती रहती है। गुटबाजी का ताजा मामला सूबे के रतलाम जिले से सामने आया है, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष के खिलाफ उनकी ही पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोला हुआ है। कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष को पद से हटाने की मुहिम छेड़े हुए हैं और मुहिम का संग्राम सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक पर छिड़ा हुआ है।
मामआपको बता दें कि, रतलाम भाजपा के जिला अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जिलेभर में मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को आलोट से भाजपा के जिला मुख्यालय तक भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा वाहन रैली निकाली गई है। जानकारी के अनुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा को हटाने की मांग की जा रही है। इस मुहिम के तहत कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर भी दड़ादड़ मैसेज फॉरवर्ड हो रहे हैं। इसी के साथ आज भाजपा कार्यकर्ता दर्जनों वाहनों में सवार होकर आलोट से रतलाम के लिए रवाना हुए हैं।
सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक संग्राम
वाहनों पर भाजपा के झंडे तो लगे ही हैं, साथ ही 'जिला अध्यक्ष को हटाओ और भाजपा बचाओ, भाजपा के सम्मान में हर कार्यकर्ता मैदान में' के नारे लिखे हुए हैं। फिलहाल, कार्यकर्ताओं द्वारा इस तरह अपने जिला अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलने से ये तो साफ है कि, सत्ताधारी दल में भी सब कुछ ठीक नहीं है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में सत्ता और संगठन को लेकर आक्रोश है। अगर उनके आक्रोश को शांत नहीं किया गया तो आने वाले विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी दल को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।