
विद्यार्थी वर्तमान पुस्तकें जमा कर, अगले कक्षा की प्राप्त करें
रतलाम। पालक संघ और अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से सातवें वर्ष बुक बैंक का संचालन इस वर्ष 15 से 20 मार्च तक किया जा रहा है। पालक संघ के संयोजक और ग्राहक पंचायत के प्रांतीय सह सचिव अनुराग लोखंडे ने बताया कि स्टेशन रोड कार्यालय दत्त कृपा भवन पर बुक बैंक में छात्र अपनी वर्तमान कक्षा की पुस्तके जमा कर अगली कक्षा की पुस्तके नि:शुल्क प्राप्त कर सकेंगे। इस बुक बैंक में रतलाम शहर के सभी विद्यालय की पुस्तके प्राप्त की जा सकेंगी। बुक बैंक का समय शाम 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक रहेगा। छात्र चाहे तो पहले भी कार्यालय में जाकर अपनी पुस्तके जमा करवाकर टोकन प्राप्त कर सकते है, जिससे बुक बैंक शुरू होने पर उन्हें प्राथमिकता में पुस्तके दी जाएगी। पालक संघ के कमलेश मोदी, विजय गुरयानी, पुष्पेंद्र खंडेलवाल, परिमल अग्रवात, संजय जैन, राकेश पोरवाल, अभिषेक लोढ़ा ने छात्रों से इस बुक बैंक का लाभ लेने का आग्रह किया है।
रमजान के चांद के दीदार होते ही चेहरे पर छाई खुशी
. पवित्र माह रमजान का चांद सोमवार को नजर आने के मुस्लिम धर्मावलंबियों के चेहरे पर खुशी छा गई। सभी ने एक दूसरे को मुबारकबाद दी। इसके साथ ही अब पूरे माह वे इबादत में डूबे रहेंगे। मंगलवार से रोजे की शुरुआत होगी। चीफ़ काजी सैयद आसिफ अली ने बताया कि सोमवार की शाम को दारुल कजा व इफ्ता की हिलाल कमेटी को रमजान माह के चांद दिखाई देने की शहादत प्राप्त हो जाने पर रमजान माह के शुरू होने की घोषणा की गई। चांद की शहादत प्राप्त हो जाने पर समाज जनों ने एक दूसरे को रमजान के चांद की मुबारकबाद दी। इसी के साथ ईशा की रात्रि नमाज के पश्चात तरावी की विशेष नमाज की शुरुआत भी हो गई, जो ईद उल फितर के चांद दिखाई देने तक जारी रहेगी । मंगलवार को रमजान माह का पहला रोजा रहेगा जो पूरे एक माह तक जारी रहेंगे। चांद दिखने के बाद मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में खुशी का माहौल रहा।
Published on:
12 Mar 2024, 12:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.