
datia news (भाई ने की भाई की हत्या Photo Source- Patrika)
Ratlam News : मध्य प्रदेश के रतलाम शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र में आने वाले लक्ष्मणपुरा में गुरुवार देर रात शराब के नशे में दो भाइयों के बीच हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि, बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर कपड़े धोने की मोगरी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की इंदौर में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने संबंधित मकान को सील कर दिया है।
35 वर्षीय मृतक विमल महावर को पहले उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में रैफर कर दिया, लेकिन यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरु करते हुए हमले में इस्तेमाल की जाने वाली मोगरी जब्त कर ली है, अब एफएसएल अधिकारी इसकी जांच करेंगे।
औद्योगिक थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि, लक्ष्मणपुरा इलाके में रहने वाले 40 वर्षीय त्रिलोकचंद महावर और विमल महावर (35 वर्ष) के बीच गुरुवार देर रात को किसी बात पर विवाद हो गया। पुलिस पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि, जब विवाद हुआ तब दोनों भाई शराब के नशे में धुत थे। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई त्रिलोकचंद ने घर में रखी कपड़े धोने की मोगरी उठाकर छोटे भाई विमल के सिर पर चार से पांच वार कर दिए, जिससे विमल के सिर में गंभीर चोटें आईं, वो लहूलुहान होकर जमीन पर बेसुध अवस्था में गिर गया।
दोनों भाईयों के बीच हो रहे विवाद शोर सुनकर पड़ौसी संबंधित घर के लिए दौड़े, लेकिन तबतक त्रिलोकचंद ने विमल पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद पड़ौसियों ने मृतक के जीजा पवन महावर को घटना की जानकारी दी। इसके बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस आने पर सभी ने घायल विमल को उठाया और मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज में विमल का प्राथमिक उपचार किया गया। लेकिन, हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने तुरंत ही विमल को बेहतर उपचार के लिए इंदौर रैफर कर दिया। इंदौर पहुंचते ही विमल का उपचार शुरू किया गया, लेकिन अगले दिन विमल की मौत हो गई।
पड़ौसियों के अनुसार, मृतक विमल ही घर के सभी काम करता था। उसकी मां जमुना वृद्ध है और अधिकतर बीमार रहती है। दोनों भाई का विवाह नहीं हुआ था। वे कभी ढ़ोल बजाकर तो कभी पुताई कर घर का व्यय पूरा करते थे। पड़ोसियों ने बताया कि मृतक विमल शांत स्वभाव का था और मां की देखभाल से लेकर घर के सारे काम करता था। सूचना पर पहुंची औद्योगिक थाना पुलिस मामले में सूचना मिलने के बाद दल-बल के साथ पहुंची। पूरे मामले की पड़ौसियों से जानकारी ली। टीआई सोनी ने पहुंचते ही सबसे पहले हत्या के लिए उपयोग की गई मोगरी जब्त की। बताया जा रहा है, इस पर खून के निशान बने थे। इसके बाद टीआई ने पड़ौसियों से एक-एक कर पूछताछ शुरू की। अब पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।
Updated on:
18 Jul 2026 12:17 pm
Published on:
18 Jul 2026 06:00 am
