
बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता पर विवाद मामला : भाजपाई और कांग्रेसियों पर केस दर्ज
मध्य प्रदेश के रतलाम में शनिवार - रविवार को हुई बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता विवादों और आरोपों के घेरे में आ गई। एक तरफ कांग्रेस का आरोप है कि, यहां भगवान की प्रतिमा के समक्ष लोग जूते लेकर चढ़ गए और अश्लीलता परोसी गई। शहर विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर प्रहलाद पटेल की मौजूदगी में इस तरह होना गलत है। कांग्रेस ने दूसरे दिन सोमवार को न सिर्फ हनुमान चालीसा का पाठ किया, बल्कि आयोजन स्थल पर गंगा जल का छिड़काव भी किया। इस मामले में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उग्र हो गए। उनका आरोप है कि, कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर गलत टिप्प्णी कर रहे हैं, उनके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार करें। विरोध में भाजपा नेताओं ने औद्योगिक क्षेत्र थाना परिसर में डेढ़ से दो घंटे प्रदर्शन किया। पुलिस पर कार्रवाई ना करने का आरोप लगाकर थाने के दरवाजे को बंद कर ताला लगाने के प्रयास किया।
शहर के औद्योगिक पुलिस थाने पर ताला लगाने का प्रयास करने, प्रदर्शन करने के मामले में भाजपा और एमआईसी सदस्य विशाल शर्मा सहित दो अन्य के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।पुलिस ने बताया पार्षद कांग्रेस नेता अमिताभ शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। इसके बाद भाजपा पार्षद और नगर निगम में स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष विशाल शर्मा ने जलज सांखला समेत अन्य के साथ प्रदर्शन के साथ धरना दिया। यही नहीं, इस दौरान भाजपाईयों ने थाने में ताला डालने की भी कोशिश की। इसके बाद शर्मा और सांखला पर सरकारी कार्य में बाधा डालने के तहत केस दर्ज किया गया। बता दें कि, शर्मा के खिलाफ 188 के तहत केस दर्ज किया गया है।
CSP ने कही ये बात
मामले को लेकर रतलाम सीएसपी हेमंत चौहान ने कहा कि, कुछ पदाधिकारी आए थे, जिन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर आपत्ति थी आवेदन देकर कार्रवाई की मांग रखी थी। थाने पर ताला लगाने का प्रयास करने जा रहे थे, उन्हें रोक लिया गया।
हमारी सरकार में हमारी सुनवाई नहीं हो रही... ताला लगा दो थाने पर...
मामले को लेकर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने औद्योगिक थाने का घेराव करते हुए कहा कि, उन्हें दो घंटे से जमीन पर बैठा रखा है। कार्रवाई नहीं कर रहे हैं और ना ही एफआईआर की जा रही है। ताला लगाओ थाने पर, आप तो लाठीचार्ज करो, हमारी सरकार में हमारी सुनवाई नहीं हो रही। हमेशा की दिक्कत है। इस दौरान रविवार की मध्य रात औद्योगिक क्षेत्र थाने पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। महापौर परिषद सदस्य, पार्षद, भाजपा संगठन पदाधिकारी समेत कई महिलाएं प्रकरण दर्ज और गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ गई। पुलिस ने आवेदन लेकर मामला शांत किया।
पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष सोनू यादव, एमआईसी सदस्य धर्मेंद्र व्यास, विशाल शर्मा, भाजपा जिला महिला मोर्चा उपाध्यक्ष भारती पाटीदार, धर्मेंद्रसिंह बागेड़ी, राकेश मिश्रा, मयूर पुरोहित सहित बड़ी संख्या में भाजपा के महिला - पुरुष कार्यकर्ता थाने पर मौजूद रहे। पाटीदार ने बताया कि, खिलाडिय़ों के चरित्र पर उंगली उठाई गई है। खेल जगत से प्रतिनिधित्व करने आई महिला किसी पार्टी विशेष की नहीं वह पूरे रतलाम की मेहमान थी। देर रात करीब डेढ़ बजे अलकापुरी क्षेत्र से एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया, हालांकि उसे कुछ देर बाद छोड़ दिया गया।
मंच पर जूते पहनकर प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन क्यों? ...असल आपत्ति यह
सोमवार को धानमंडी के मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया, भगवा रैली निकाली, इसके बाद बड़बड़ स्थित विधायक सभागृह पहुंचकर गंगाजल डालकर स्थान को शुद्ध करने किया गया। हनुमान चालीसा का पाठ करने के कांग्रेस कार्यकर्ता जय-जय सियाराम व जय श्री राम के नारों के साथ रैली के रुप में बड़बड़ पहुंचे। इसके बाद नारियल भी फोडऩे गए। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, कांग्रेस नेता पारस सकलेचा सहित कांग्रेस के अन्य पार्षद व पदाधिकारी मौजूद थे।
भाजपा नेता हिम्मत कोठारी भी कांग्रेस की ओर से किए जा रहे हनुमान चालीसा में बैठे नजर आए। हालांकि बाद में उन्होंने सफाई दी कि वे प्रतिदिन भगवान के मंदिर प्रतिदिन जाते हैं। जब गया तब हनुमान चालीसा का पाठ चल रहा था, इसलिए रुक गया। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का माहौल रहा। आयोजन स्थल पर कांग्रेस की ओर से प्रसाद का वितरण भी किया गया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार यह रतलाम शहर में एक गलत परम्परा हुई है, इसका विरोध जारी रहेगा।
विरोध लगातार करते रहेंगे
मामले को लेकर कांग्रेस नेता पारस सकलेचा ने कहा कि, हमारा विरोध खेल आयोजन को लेकर नहीं, उसमें मंच पर रखी गई भगवान की प्रतिमा को लेकर है। जूते पहनकर मंच पर भगवान की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया गया, यह गलत है। कांग्रेस के कार्यकर्ता इस बात का ही लगातार विरोध कर रहे हैं। यह विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।
Updated on:
07 Mar 2023 06:14 pm
Published on:
07 Mar 2023 03:42 pm
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
