मंदसौर. पश्चिमी विक्षोभ का असर जिले में भी शुक्रवार को देखा गया। अचानक से जिले में मौसम बदला और जिलेवासियों ने अलग-अलग मौसम देखा। मंदसौर, मल्हारगढ़ व दलोदा क्षेत्र में तापमान 33 डिग्री तक पहुंचने और तीखी धूप के कारण तेज गर्मी के कारण लोग खूब तपे और गर्मी ने परेशानी बढ़ाई तो वहीं चंबल पार सीतामऊ से लेकर शामगढ़, गरोठ, मेलखेड़ा व भैंसोदा क्षेत्र के कई ग्रामीण अंचल में दोपहर बाद अचानक से मौसम बदला ओर कही तेज तो कही रिमझिम बारिश हुई। बारिश के साथ मक्का के आकार के ओले भी गिरे। इस बार रबी सीजन में पहली बार ओलावृष्टि हुई। वर्तमान में जिले में फसल निकालने का क्रम चल रहा है। ऐसे में खेतों में कटी हुई फसल भीग गई तो किसानों को फसलों में कुछ नुकसान हुआ। इधर मंदसौर में गर्मी से लोगों को तपन का एहसास हुआ लेकिन देरशाम को मौसम बदला और हवाएं चलने लगी। मौसम के जानकारों की माने तो कुछ दिन बारिश व ओलावृष्टि का सिस्टम स्ट्रांग होने के कारण मौसम में बदलाव का दौर जारी रहेगा।