
रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस के दो डिब्बों में आग (Photo Source- Input)
Rajdhani Express Fire :मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के आलोट रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह दिल्ली के निजामुद्दीन की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोच में आग लगने से हड़कंप मच गया। ये घटना आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच हुई है। आग लगने के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। ऐसे में मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों को आसपास के अलग - अलग स्टेशनों पर रोका गया है।
मिली जानकारी के अनुसार त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस रतलाम से रवाना हुई थी। सुबह करीब 5:30 बजे लूणी-विक्रमगढ़ के बीच ट्रेन के बी-1 कोच में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। बोगी से आग की लपटें उठती देख गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को इसकी सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया।
घटना की जानकारी लगते ही रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 68 यात्रियों को संबंधित बोगियों से सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे कोचों में शिफ्ट किया। इसके साथ ही, ज्वलंत डिब्बों को ट्रेन के मुख्य डिब्बों से अलग कर वापस रवाना किया गया। इधर, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की अलग - अलग गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने के कार्य में जुट गईं।
हालांकि, घटना का क्षेत्र रेलवे के कोटा रेल मंडल अंतर्गत आता है। आग लगने के कारण दो कोच पूरी तरह जल गए। हालांकि, राहत की बात ये है कि, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। नई दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर परिचालन प्रभावित हुआ है और कई ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर रोका गया है।
वहीं, अब इस घटना को लेकर रेल मंत्रालय ने जांच के आदेश दे दिए हैं। रेलवे बोर्ड की तीन सदस्यों वाली कमेटी गठित कर ट्रेन में आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक, मैकेनिकल, कोचिंग डिपार्टमेंट से तीन सदस्यों को इस घटना के कारणों की जांच रिपोर्ट बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच इस अहम बिंदू पर केंद्रित होगी कि, आग अंदर से लगी थी या फिर बाहर से किसी ने लगाई है।
-गाड़ी संख्या 19020 शामगढ़ पर खड़ा किया गया है।
-गाड़ी संख्या 12416 सुवासरा पर खड़ा किया गया हैं
-गाड़ी संख्या 05017 को नाथु खेड़ी पर खड़ा किया गया है।
-गाड़ी संख्या 12472 स्वराज एक्प्रेस को शामगढ़ पर खड़ा किया गया है।
-गाड़ी संख्या 22210 को चौमहला पर खड़ा किया गया है।
-गाड़ी संख्या 01492 पुणे सोशल को मोड़क स्टेशन पर खड़ा किया गया है।
-गाड़ी संख्या 19103 मेमो एक्प्रेस को रतलाम स्टेशन पर रोका गया है। ये ट्रेन रतलाम से चलकर कोटा जा रही थी।
Updated on:
17 May 2026 08:46 am
Published on:
17 May 2026 08:16 am
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
