मध्यप्रदेश में शराब को लेकर एक बार फिर जबर्दस्त चर्चा छिड़ गई है। पूरा प्रदेश शराब से परेशान है, गांवों-शहरों के गली-मोहल्लों तक में खुलेआम शराब बिक रही है। शराबखोरी के कारण परिवार बर्बाद हो रहे हैं जिससे महिलाएं इसकी जोरदार खिलाफत कर रहीं हैं। हाल ये है कि सत्ताधारी बीजेपी के नेता, विधायक, मंत्री और यहां तक कि पूर्व सीएम तक अवैध शराब बिक्री को बंद कराने और शराबबंदी लागू करने की बात कहने लगे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एमपी में भी गुजरात जैसी शराबबंदी लागू करने की बात कही है। राज्य के एक मंत्री भी अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान चलाने की बात कह चुके हैं। प्रदेश के एक विधायक ने तो न केवल शराब पकड़ी बल्कि बोतलों की सुरक्षा के लिए रोड पर ही डेरा डालकर बैठ गए।