रतलाम. प्रतापनगर बाइपास स्थित आनंद माल के समीप बने बार में बीती रात मनपसंद गाना गाने की बात पर विवाद हुआ और विवाद के बाद युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर बार के कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। ज्यादा चोंट नहीं आने पर प्राथमिक इलाज के बाद छोड़ दिया। शुक्रवार को दिन में पुलिस ने एक आरोपी युवराजसिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
स्टेशन रोड पुलिस के अनुसार घटना बाइपास स्थित आनंद माल के पास बने फाइव एलिमेंटस बार पर गुरुवार की रात करीब साढ़े नौ बजे की है। बार में सिगर गाना गा रहा था। वह सभी के लिए गाना गा रहा था। इसी दौरान बार में मौजूद सौरभ बरगुंडा और युराजसिंह ने सिंगर को अपनी तरफ बुलाकर अपनी पसंद का गाना सुनने की फरमाइश की। सिंगर और वहां मौजूद बार के कर्मचारियों ने मना कर दिया कि सभी के लिए एक जैसा ही गाना बजेगा। किसी की फरमाइश पर गाना नहीं बजाया जाता है। इसी बात को लेकर दोनों युवकों ने बार के कर्माचारियों से विवाद किया। इस पर उन्हें वहां से रवाना कर दिया तो दोनों चले गए। कुछ देर बाद दोनों लौटकर आए तो अपने साथ अन्य लोगों को भी लेकर आए। आते ही उन्होंने काउंटर और होटल में तोडफ़ोड़ करना शुरू कर दिया। इसी बीच शैलेंंद्रसिंह पिता भारतसिंह पवार पर चाकू से हमला कर दिया। अफरा-तफरी का माहौल हो गया और बार के अन्य कर्मचारी बीच में आए तो सौरभ, युवराज और उसके साथ वहां से भाग निकले। शैलेंद्र को जिला अस्पताल ले जाकर इलाज करवाया और फिर वहां से रवाना कर दिया।
स्टेशन थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला ने बताया सूचना मिलने पर रात में ही मौके पर पहुंचे। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एक आरोपी युवराज को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। फरार दूसरे आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।