
ज्योतिषी डॉ. अनीष व्यास के अनुसार धनतेरस बेहद शुभ तिथि होती है। मान्यता है कि इस दिन कोई शुभ वस्तु घर लाने से संपत्ति में 13 गुना वृद्धि होती है। साथ ही नया काम करने से उसमें सफलता मिलती है। इसलिए आइये जानते हैं कि धनतेरस पर क्या खरीदना चाहिए और धनतेरस पर क्या करना चाहिए ...
1.इस दिन नए उपहार, सिक्का, बर्तन और गहनों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। शुभ मुहूर्त में पूजन करने के साथ सात धान्यों की पूजा की जाती है। सात धान्य में गेहूं, उडद, मूंग, चना, जौ, चावल और मसूर शामिल होता है।
2. धनतेरस के दिन चांदी खरीदना शुभ माना जाता है।
3. भगवान धन्वंतरि की पूजा से स्वास्थ्य और सेहत का वरदान मिलता है। इस दिन ही दीपावली की रात लक्ष्मी गणेश की पूजा के लिए मूर्ति भी खरीदते हैं।
धनतेरस के दिन धातु की खरीद का बड़ा महत्व है। मान्यता है कि इस दिन धातु को खरीदने से भाग्य अच्छा होता है। परंपरा है कि धनतेरस के दिन सोना, चांदी जरूर खरीदना चाहिए। इस दिन बजट के मुताबिक सोना, चांदी के सिक्के, गहने, मूर्ति जैसी चीजों की खरीद की जा सकती है।
धनतेरस पर कुबेर यंत्र खरीदना भी शुभ माना जाता है। इसे अपने घर, दुकान के गल्ले या तिजोरी में स्थापित करना चाहिए। इसके बाद 108 बार ऊँ यक्षाय कुबेराय वैश्रववाय, धन-धान्यधिपतये धन-धान्य समृद्धि मम देहि दापय स्वाहा मंत्र का जप करना चाहिए। इस मंत्र से धन की कमी का संकट दूर होता है।
ॐ श्रीं ह्रीं दरिद्र विनाशनि धनधान्य समृद्धि देहि,
देहि कुबरे शंख विध्ये नमः ।।
धनतेरस के दिन तांबे की वस्तुएं या बर्तन लाने का भी महत्व है। यह सेहत के लिए भी शुभ माना जाता है। साथ ही कांसा से बनी सजावटी वस्तुएं या बर्तन भी घर लेकर आ सकते हैं।
धनतेरस के दिन झाडू भी खरीदा जाता है। मान्यता है कि इस दिन झाडू खरीदने से गरीबी दूर होती है। साथ ही नई झाडू से नकारात्मक ऊर्जा दूर जाती है और घर में लक्ष्मी का वास होता है।
धनतेरस के दिन शंख खरीदने को काफी शुभ माना जाता है। इस दिन शंख खरीदकर उसकी पूजा करें। शास्त्रों के मुताबिक जिस घर में रोजाना पूजा के वक्त शंख बजाया जाता है, उस घर से मां लक्ष्मी कभी नहीं जाती। साथ ही घर के संकट भी दूर हो जाते हैं। इसके अलावा सात मुखी रूद्राक्ष धनतेरस के दिन घर पर लाने से सारे कष्ट दूर होते हैं।
डॉ. अनीष व्यास ने बताया कि धनतेरस के दिन भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी की मूर्ति भी घर में लानी चाहिए। मान्यता है कि इससे घर में पूरे साल धन और अन्न की कमी नहीं होती है। दोनों देवी देवता धन और बुद्धि बढ़ाते हैं।
धनतेरस के दिन नमक जरूर खरीदें। ऐसा माना जाता है कि इस दिन नमक घर में लाने से धन की बढ़ोतरी होती है और दरिद्रता का नाश होता है। इसके अलावा धनिया भी इस दिन घर में लाना चाहिए। साबुत धनिया लाने का काफी महत्व है। इसे पूजा के बाद अपने घर के आंगन और गमले में डाल देना चाहिए।
डिस्क्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारियां पूर्णतया सत्य हैं या सटीक हैं, इसका www.patrika.com दावा नहीं करता है। इन्हें अपनाने या इसको लेकर किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले इस क्षेत्र के किसी विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
Updated on:
30 Oct 2024 08:22 am
Published on:
29 Oct 2024 11:25 pm
बड़ी खबरें
View Allधर्म और अध्यात्म
धर्म/ज्योतिष
ट्रेंडिंग
