जांच के बाद तय किया गया कि उक्त मरीज का आपरेशन किया जाएगा। आर्थिक तौर पर परिवार अधिक मजबूत नहीं था, इस वजह से निजी अस्पताल में किसी दूसरे शहर में आपरेशन कराने में असमर्थता व्यक्त की। इसके बाद डॉ. अशरफ के साथ करीब दर्जन भर की संख्या में चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ ने मिलकर इस पूरे आपरेशन को सफल किया। यह आपरेशन करने में कई घंटे लगे। अब मरीज की हालत पूरी तरह से स्वस्थ बताई गई है।
- जूनियर डाक्टर ने दिया खून
आपरेशन के दौरान मरीज को खून की भी जरूरत पड़ी। परिवार के लोगों का ग्रुप मैच नहीं हो रहा था। जिसके चलते वह खून के लिए परेशान थे। आपरेशन करने वाली टीम के सदस्य जूनियर डाक्टर हरीश ने खून दिया, जिसके चलते आपरेशन सफलता पूर्वक संपन्न कराया गया।
- परिवार के सदस्यों ने दिया धन्यवाद
सरकारी अस्पताल में जटिल आपरेशन बिना किसी कठिनाई के संपन्न होने पर परिवार के लोगों ने चिकित्सीय टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया है। रघुनाथगंज निवासी मोहम्मद राजू ने बताया कि गले में ट्यूमर की वजह से सबीना परेशान रहती थी। चिकित्सकों की टीम ने पूरी तन्मयता के साथ काम किया और आपरेशन के दौरान खून की जरूरत थी तो वह भी उनकी ओर से उपलब्ध कराया गया। आपरेशन के पहले भोजन करने में समस्या हो रही थी, अब नहीं हो रही है।
---
श्वांस नली के पास ट्यूमर के आपरेशन में बड़ी सतर्कता की जरूरत होती है। स्कलबेस सर्जरी के लिए उच्च स्तर के संसाधनों की जरूरत होती है। रीवा में उपलब्ध संसाधनों से ही यह सर्जरी पूरी की गई है। मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है।
डॉ. मोहम्मद अशरफ, ईएनटी विभाग रीवा