14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चिडिय़ाघर में बढ़ेगी जानवरों की संख्या, पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए ये होंगे खास

11 बाड़ों का निर्माण पूरा, बिलासपुर और भिलाई से आएंगे जानवर

2 min read
Google source verification

रीवा

image

Mrigendra Singh

Apr 11, 2018

rewa

mukundpur zoo, number of animals in zoo and safari

रीवा। महाराजा मार्तंड सिंह जूदेव चिडिय़ाघर मुकुंदपुर में बाड़ों का निर्माण पूरा होने के बाद अब जानवरों को लाए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। शाकाहारी जानवरों की संख्या जल्द ही बढ़ेगी। कुछ दिन पहले ही भोपाल के वन विहार से पांच ब्लैक बक, चीतल आदि लाए गए हैं। अब फिर से चिडिय़ाघर की मांग पर बिलासपुर और भिलाई के चिडिय़ाघरों ने जानवर देने की सहमति जता दी है। जल्द ही इन जानवरों को लेने के लिए टीम भेजी जाएगी।
बिलासपुर के कानन पिंडारी चिडिय़ाघर से हाल ही में बब्बर शेर का जोड़ा लाया गया है। यहीं से वार्किंग डियर का जोड़ा देने की भी सहमति मिली है। साथ ही भिलाई के मैत्रीबाग से सफेद बाघ का जोड़ा आया है, यहां से सांभर का एक जोड़ा मिलेगा। इसके अलावा ग्वालियर के चिडिय़ाघर से भी वार्किंग डियर का जोड़ा देने की सहमति मिल गई है।

वाहन मिलते ही रवाना होगी टीम
मुकुंदपुर के चिडिय़ाघर प्रबंधन के पास स्वयं का वाहन ठीक हालत में नहीं है, जिससे लंबी दूरी तक का सफर तय किया जा सके। इस कारण बांधवगढ़ से वाहन मंगाए गए हैं। जिस दिन वाहन आ आएगा उसी दिन टीम रवाना कर दी जाएगी। बताया जा रहा कि इसी सप्ताह टीम के रवाना होने की संभावना है। वहीं चिडिय़ाघर प्रबंधन ने एक वाहन नया खरीदने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा है। नया वाहन मिलने के बाद समय पर जानवरों की शिफ्टिंग का काम हो सकेगा।

नए बाघ स्वस्थ, अगले सप्ताह से छोड़े जाएंगे बाड़े में
बिलासपुर के कानन पिंडारी से बब्बर शेर और भिलाई के मैत्रीबाग से लाए गए सफेद बाघ के जोड़े को फिलहाल बाड़ों के नाइट हाउस में आराम के लिए रखा गया है। जहां पर चारों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। इनकी देखरेख डॉ. राजेश तोमर की निगरानी में हो रही है। अगले सप्ताह इनके स्वास्थ्य का परीक्षण करने के बाद आम जनता के देखने के लिए बाड़ों में छोड़ा जाएगा।

बब्बर शेर होंगे प्रमुख आकर्षण
हाल ही में बिलासपुर के कानन पिंडारी चिडिय़ाघर से बब्बर शेर का जोड़ा लाया गया है। अब मुकुंदपुर के चिडिय़ाघर में सफेद बाघों के साथ ही बब्बर शेर भी प्रमुख आकर्षण होंगे। फिलहाल इन्हें अभी आम जनता के लिए बाड़े में नहीं रखा गया है। बताया जा रहा है कि सप्ताह भर के बाद इन्हें बाड़े पर छोडऩे की चर्चा होगी।

नए जानवरों के लिए चल रही तैयारी
महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव चिडिय़ाघर मुकुंदपुर के संचालक संजय रायखेड़े ने बताया कि 11 बाड़े बनकर तैयार हैं, जिनमें शाकाहारी जानवरों को रखा जाएगा। वार्किंग डियर और सांभर के जोड़े बिलासपुर और भिलाई से लाए जाने हैं। बांधवगढ़ नेशनल पार्क से वाहन मांगा है, उसकी व्यवस्था होते ही टीम रवाना की जाएगी।