
Rewa CEO order for inspection of school, Education officer not active
रीवा। स्कूलों में बेस लाइन टेस्ट और ब्रिज कोर्स संचालन की स्थिति का वेरीफिकेशन करने के बावत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की ओर से गठित अधिकारियों की टीम का स्कूलों में निरीक्षण शुरू नहीं हो सका है। जबकि स्कूलों के निरीक्षण के बावत सीइओ मयंक अग्रवाल की ओर से निर्देश जारी किए हुए सप्ताह भर से अधिक का समय बीत गया है।
अधिकारियों को ब्रिज कोर्स का देना है रिपोर्ट
स्कूलों के निरीक्षण के बावत बतौर पदेन अपर संचालक स्कूल शिक्षा जिला पंचायत के सीइओ ने न केवल शिक्षा अधिकारियों की चार टीम का गठन किया है। बल्कि स्कूलों का निरीक्षण कर बेसलाइन टेस्ट और टेस्ट के बाद संचालित हो रहे ब्रिज कोर्स की रिपोर्ट देने को कहा है। निर्देश के मद्देनजर शिक्षा अधिकारियों की टीम का गठन सहयोगी सदस्यों का नाम चयनित करने के साथ कर तो लिया गया। लेकिन चंद स्कूलों को छोड़ दिया जाए तो व्यस्तता की आड़ में अधिकारियों की ओर से अभी स्कूलों का निरीक्षण शुरू नहीं हुआ है।
अधिकारी व्यस्तता का दे रहे हवाला
शिक्षा अधिकारियों की इतर कार्यों में व्यस्तता के चलते स्कूलों में निरीक्षण की ठप पड़ी कवायद के चलते स्कूलों में ब्रिज कोर्स संचालन सहित अन्य शैक्षणिक गतिविधि राम भरोसे चल रही है। प्राचार्य प्रशिक्षण और बैठकों में व्यस्त हैं। नतीजा मास्टर साहब के भरोसे पढ़ाई का बंटाधार हो रहा है। शैक्षणिक गतिविधि ठप होने का नतीजा है कि स्कूलों की छात्रों की संख्या में लगातार कम होती जा रहा है। अतिथि शिक्षकों की अभी तक नियुक्ति नहीं हो पाना भी इसकी मुख्य वजह है।
जुलाई तक होना है ब्रिज कोर्स का संचालन
स्कूलों में कक्षा आठवीं उत्तीर्ण कर नवीं में प्रवेश लेने वाले छात्रों के ब्रिज कोर्स का संचालन जुलाई तक चलना है। ऐसे में शिक्षा अधिकारियों की ओर से स्कूलों के निरीक्षण की कवायद जुलाई में ही प्रमुख रूप से किया जाना है। जबकि जुलाई महीने के अब केवल 10 दिन शेष बचे हैं।
चार शिक्षा अधिकारियों की गठित है टीम
सीइओ के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य, जिला शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक व जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक संचालक के निर्देश में टीम गठित की गई है। चारों टीमों में इन चारों कार्यालयों के कर्मचारी बतौर सहयोगी शामिल हैं।
Published on:
20 Jul 2018, 1:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.