
Swing husband and wife in hanging loop
रीवा. लव मैरीज के बाद नवदम्पती ने एक साथ फंदा डाल लिया। इस घटना में पति की तो मौत हो गई जबकि रस्सी खुलने से युवती नीचे गिर गई। उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से पूरे गांव में सनाका खिंचा हुआ है। दम्पती द्वारा उठाए गए इस कदम से पूरा परिवार सकते में है। घटना मनगवां थाने के परसवार गांव की है। यहां रहने वाला चिंतामणि कोरी (20) पिता गणेश व उसकी पत्नी पूजा कोरी (19) ने शुक्रवार की रात एक साथ आत्महत्या करने का प्रयास किया। रात को दम्पती खाना खाकर कमरे में सोने चले गये। देररात दोनों घर से कुछ दूरी पर स्थित नहर के किनारे स्थित पेड़ में आत्महत्या करने पहुंच गए। उन्होंने एक साथ गले में रस्सी फंसाई और फंदे में झूल गए। इस घटना में पति की तो मौत हो गई जबकि युवती की रस्सी खुल गई जिससे वह नीचे गिर गई। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो दोनों घर में नहीं पहुंचे। परिजनों ने उन्हें खोजना शुरू कर दिया तो नहर के किनारे युवक का शव लटकता मिला और उसकी पत्नी घायल अवस्था में पड़ी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। तत्काल युवती को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मनगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भिजवा दिया गया। दम्पती ने किन कारणों के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया है यह सामने नहीं आया है। फिलहाल युवती बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके बयान दर्ज होने के बाद ही पूरा मामला सामने आएगा।
साल भर पूर्व किया था प्रेम विवाह
उक्त युवक व युवती ने करीब साल भर पूर्व प्रेम विवाह किया था। युवती से उसकी जान पहचान थी और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। बाद में उन्होंने आपसी रजामंदी से शादी कर ली। शादी के साल भर के भीतर ही ऐसा क्या हुआ जिससे दम्पती को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा। इस सवाल का जवाब फिलहाल परिजन व पुलिस के पास भी नहीं है।
सूरत में रहता था युवक, दम्पती की खराब रहती थी तबियत
उक्त युवक सूरत में रहकर मजदूरी करता था। शादी के बाद ही वह सूरत चला गया था जहां रहकर काम करता था। उसकी तबियत अक्सर खराब रहती थी जिस पर कुछ दिन पूर्व ही वह रीवा आया था। उसकी पत्नी की भी तबियत खराब रहती थी। पुलिस का मानना है कि यह भी आत्महत्या का कारण हो सकता है।
जांच के बाद ही सामने आऐंगे वास्तविक कारण
सतीश मिश्रा, थाना प्रभारी मनगवां ने बताया कि दम्पती ने फंदा डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसमें युवक की मौत हो गई और उसकी पत्नी को घायल अवस्था में अस्पताल भिजवाया गया है। दोनों ने साल भर पूर्व लवमैरीज की थी। मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आऐंगे।
Published on:
06 Oct 2019 01:29 am
बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
