
SP office
रीवा. जेल की सुरक्षा में तैनात प्रहरी खुद बंदियों को नशीली सिरप की सप्लाई करते हैं। इसका खुलासा सोमवार की रात उस समय हो गया जब पुलिस ने दो जेल प्रहरियों को नशीली सिरप जेल के अंदर फेंकते गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से नशीली सिरप बरामद हुई है।
पकड़े गए दोनों जेल प्रहरियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्जकर किया है। पुलिस अधीक्षक आबिद खान को जेल के अंदर नशे का सामान फेंककर कैदियों तक पहुंचाने की सूचना मिली थी जिस पर उन्होंने शाम से लेकर रात तक इस इलाके में नजर रखने के निर्देश पुलिस को दिये थे। सोमवार की रात जेल परिसर के समीप बाइक से आए दो युवक नशीली सिरप जेल के अंदर फेंक रहे थे। इस दौरान पुलिस वहां से गुजरी जिसकी नजर उन युवकों की करतूत पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत युवकों को पकड़ लिया जिनके कब्जे से दस शीशी नशीली सिरप बरामद हुई। पुलिस के होश उस समय उड़ गए जब दोनों युवक जेल के प्रहरी निकले जो ड्यूटी खत्म होने के बाद कैदियों को जेल के अंदर नशीली सिरप पहुंचा रहे थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमित शर्मा (23) पिता रामकुमार निवासी प्रहरी बैरक क्र. 10 व रमीज मोहम्मद कुरैशी पिता रफीक मोहम्मद निवासी प्रहरी बैरक क्र. 4 शामिल हैं। दोनों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के मुताबिक उक्त प्रहरियों ने इससे पूर्व कितनी बार नशे का सामान पहुंचाया है इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
कैदियों के लिए नशीली सिरप की करते थे सप्लाई
उक्त दोनों आरक्षक कैदियों को पीने के लिए नशीली सिरप की सप्लाई करते थे। पूछताछ में उन्होंने अमन मंसूरी निवासी अमहिया की जानकारी दी है जिसने उनको नशीली सिरप दी थी और उसको जेल के अंदर फेंकने के लिए बोला था जो आसानी से कैदी तक पहुंच जाती। पुलिस ने उसको भी नामजद किया है। उसकी भी तलाश की जा रही है। उसके पकड़े जाने के बाद ही उक्त कैदी का नाम सामने आएगा जो जेल में नशीली सिरप मंगवाता था।
पूछताछ की जा रही है
जेल के अंदर दो प्रहरी नशीली सिरप फेंक रहे थे। उनको गिरफ्तार कर दस शीशी नशीली सिरप बरामद की गई है। उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने अमहिया के एक युवक का नाम बताया है जिसने उनको नशीली सिरप जेल के अंदर फेंकने की जानकारी दी थी।
शिवेन्द्र सिंह, सीएसपी रीवा
कार्रवाई की जाएगी
जेल के दो प्रहरी के अमहिया थाने में पकड़े जाने की जानकारी मिली है। अभी लिखित में हमारे पास कोई कागज नहीं आया है। कागज मिलने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
अनिल सिंह परिहार, जेल अधीक्षक
Published on:
12 Feb 2020 01:27 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
