
Youth's death suspected of assault in suspicious circumstances
रीवा. संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हुए युवक की 20 दिन बाद मौत को लेकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने शिकायत भी थाने में दर्ज कराई है जिस पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के उपरांत कार्रवाई की जानकारी दे रही है। घटना सिटी कोतवाली थाने के घोघर मोहल्ले की है।
जुनैद उर्फ साहिल खान (30) निवासी घोघर 18 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हो गया था। वह बबलू खान निवासी घोघर की ऑटो चलाता था। घटना के बाद युवक का एक्सीडेंट होने की जानकारी दी जा रही थी जिसका ऑटो मालिक ने ही प्राइवेट नर्सिंग होम में इलाज कराया था और बाद में उसे घर पहुंचा दिया। शनिवार को युवक की घर में मौत हो गई।
थाने पहुंचे परिजनों ने ऑटो मालिक सहित उनके परिवार के अन्य लोगों के द्वारा मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पायेगा। हालांकि युवक के साथ मारपीट की शिकायत घटना के बाद थाने में दर्ज नहीं कराई गई थी। फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।
बहन ने लगाया मारपीट का आरोप
इस घटना के बाद युवक की बहन खुशबू खान ने ऑटो मालिक बबलू खान सहित अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि ऑटो का एक्सीडेंट हो गया था जिसको बनवाने का वे दबाव डाल रहे थे। इस बात को लेकर उन्होंने युवक को अपने घर में बंधक बनाकर मारपीट की थी। जब वह गंभीर रूप से घायल हो गया तो उसका इलाज प्राइवेट नर्सिग होम कराया और बाद में उसे घर में छोड़ कर चले गए।
-------------------
युवक घायल हुआ था जिसकी एक दिन पूर्व मौत हो गई है। परिजनों ने उसके साथ 18 जून को मारपीट होने की शिकायत दर्ज कराई है जिसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आऐंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जायेगी।
ओंकार तिवारी, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली
Published on:
14 Jul 2019, 9:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.