4 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खेत में बने कुआं में गिरने से नर तेंदुआ की मौत, शिकार की आशंका में डॉग स्क्वॉड से कराई सर्चिंग

सानौधा थाना क्षेत्र में परसोरिया ग्राम पंचायत के अमोदा गांव में खेत पर बने कुआं में गिरने से एक वयस्क नर तेंदुआ की मौत हो गई। मौत की वजह ठंड और पानी में डूबने से बताई जा रही है। रविवार सुबह जब किसान खेत पर सिंचाई के लिए पहुंचा तो

2 min read
Google source verification

सागर

image

Madan Tiwari

Dec 16, 2024

सानौधा थाना क्षेत्र के अमोदा गांव की घटना, पीएम के लिए जबलपुर भेजा शव

सागर. सानौधा थाना क्षेत्र में परसोरिया ग्राम पंचायत के अमोदा गांव में खेत पर बने कुआं में गिरने से एक वयस्क नर तेंदुआ की मौत हो गई। मौत की वजह ठंड और पानी में डूबने से बताई जा रही है। रविवार सुबह जब किसान खेत पर सिंचाई के लिए पहुंचा तो उसे कुआं में तेंदुआ उतराता नजर आया। तत्कार सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद मौके पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने शिकार की आशंका के चलते वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वॉड टीम बुलाई और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल के आसपास सर्चिंग की गई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से तेंदुआ को कुआं से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर भेज दिया।

वन विभाग के अनुसार अमोदा गांव निवासी दीपक लोधी के खेत में बने कुआं में गिरने से एक तेंदुआ की मौत हुई है। किसान रविवार सुबह अपने खेत पर पहुंचा और सिंचाई के लिए मोटर चालू की। इसी दौरान वह पानी देखने के लिए जब कुआं के पास पहुंचा तो उसमें तेंदुआ उतराता नजर आया। सूचना मिलते ही उत्तर वन मंडल की एसडीओ विनीता जाटव, गढ़ाकोटा रेंजर अभिनव दिवाकर, डिप्टी रेंजर हरपाल राजपूत व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद जाल की मदद से कुएं से तेंदुआ का शव बाहर निकाला।

- शिकार करते हुए गिरने की आशंका

उत्तर वन मंडल की गढ़ाकोटा रेंज के रेंजर अभिनव दिवाकर ने बताया कि घटना स्थल के आसपास 4 किलोमीटर तक कोई जंगल नहीं है। अनुमान है कि तेंदुआ शिकार करने के लिए खेतों तक पहुंचा होगा और कुत्ता या बंदर को पकडऩे के चक्कर में वह कुआं में गिर गया। चूंकि ठंड थी और तेंदुआ पूरी रात पानी में रहा तो उसकी डूबने से मौत हो गई होगी। तेंदुआ के शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। पानी में पड़े रहने से तेंदुआ का शव फूल गया था, जिससे उसकी उम्र का भी अंदाजा नहीं लग सका है। तेंदुआ की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

- 6 दिन में यह दूसरी घटना

जिले में पिछले 6 दिन में तेंदुआ की मौत की यह दूसरी घटना है। इसके पहले रविवार 8 दिसंबर की रात दक्षिण वन मंडल की ढाना रेंज में रानगिर-गौरझामर के बीच स्थित चौपड़ा पर एक तेंदुआ की मौत हुई थी। वन विभाग के अनुसार तेंदुआ आसपास लगे जंगल से निकलर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पार कर रहा था और इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी, जिससे तेंदुआ की मौत हो गई थी।