
अतिक्रमण की कार्रवाई हुई
रोड के लिए 18 मीटर की जगह कराई गई खाली, पार्किंग-स्ट्रीट लाइट की व्यवस्थाएं होंगी
सागर. रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के सामने बनाई जा रही करीब 5 करोड़ रुपए की सड़क शहर का मुखौटा बनेगी, 8 मीटर चौड़ी रोड को स्मार्ट सिटी 14 मीटर करेगी। सड़क निर्माण कार्य मार्च तक पूरा होगा। इसके बनने से शहरवासियों को जाम से राहत मिलेगी। अभी सड़क पर दोनों तरफ के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई लगभग पूरी हो चुकी है। मंगलवार को भी नगर निगम के अतिक्रमण अमले ने दुकानें हटाई, निगम अमला सड़क के बीचों बीच से 9-9 मीटर दोनों तरफ से अतिक्रमण हटा रहा है। अच्छी बात ये है कि यहां लोग स्वयं नजूल की भूमि पर बनी अपनी दुकानों को हटा रहे हैं। यह रोड टू-वे होगी, जिसमें स्ट्रीट लाइट, पाथवे, पार्किंग की सुविधा भी दी जाएगी। वहीं शहर के बुद्धिजीवियों की मानें तो प्रशासन यदि टपरा मार्केट को विस्थापित कर दे तो रोड स्टेशन से भी दिखेगी और यात्री टे्रनों में बैठे-बैठे ही शहर विकास का नजारा देख सकेंगे।
डिंपल पेट्रोल पंप से राधा तिराहा तक रेलवे दीवार से लगी टपरा मार्केट सहित सड़क के दोनों तरफ की करीब 184 दुकानों के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई विगत तीन दिनों से चल रही है। मंगलवार की शाम तक सभी दुकानों के अतिक्रमण को हटा दिया गया है, 4-5 रहवासी मकान हैं, जिन्हें नोटिस दिया गया है और वह भी अतिक्रमण हटाने के लिए राजी हो गए हैं।
प्लानिंग थी कि प्लेटफॉर्म नंबर-2 के सामने नजूल की जमीन पर मौजूद 110-115 दुकानों को भोपाल रोड पर बने बस स्टैंड और अमावनी के मैकेनिकल कॉम्प्लेक्स परिसर में विस्थापित किया जाएगा, प्लानिंग ऐसी थी जिससे दुकानदारों के कारोबार पर असर न पड़े। ट्रांसपोर्ट नगर, मैकेनिकल कॉम्प्लेक्स, बस स्टैंड जैसे केंद्र होने के कारण इस क्षेत्र का विकास संभव हो सकेगा।
सागर रेलवे स्टेशन से शहर की करीब 80 प्रतिशत आबादी प्लेटफार्म नंबर- 2 की तरफ ही है, ऐसे में चौबीसों घंटे यात्री इस रोड से आना-जाना करते हैं। व्यवसायिक संस्थान, मीट मार्केट व सब्जी मंडी होने से ऑटो-रिक्शा व मालवाहकों की धमाचौकड़ी पूरे दिन बनी रहती है। सिविल लाइन, मकरोनिया, तिलकगंज से कटरा बाजार जाने के लिए भी लोग इसी रोड से जाते हैं, 8 मीटर रोड और अतिक्रमण से यहां हमेशा जाम के हालात बने रहते हैं।
5 करोड़ रुपए से बनाई जा रही बीटी रोड।
8 की जगह 14 मीटर चौड़ी होगी सडक़।
18 मीटर की जगह सड़क के लिए खाली हुई।
184 दुकानों का अतिक्रमण हटाया गया।
24 घंटे व्यस्त रहती है रोड।
-सड़क निर्माण से पहले यहां मौजूद अतिक्रमण को हटाया गया है, मार्च तक सड़क निर्माण कार्य पूरा करना है, कुछ रहवासी मकान सड़क की जद में आ रहे हैं, उन्होंने भी सहमति दे दी है कि वह अपना अतिक्रमण हटा लेंगे। यह शहर की प्रमुख और व्यस्ततम सड़क है, सड़क निर्माण से पूरे शहर के लोगों को राहत मिलेगी।
राजकुमार खत्री, निगमायुक्त।
Published on:
05 Feb 2025 01:40 am
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
