
MP Mantri Mandal : बुंदेलखंड में बने रहेंगे 3 मंत्री, इनके नामों पर लगी मुहर
सागर. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ की टीम ने राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मंत्री पद की शपथ ली। कमल नाथ की टीम में बुंदेलखंड के 3 मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया गया है। इसमें 2 मंत्री सागर जिले तो एक निवाड़ी जिले से है। इससे पहले भी भाजपा सरकार में बुंदेलखंड से ३ मंत्री ही हुआ करते थे।
निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर विधानसभा से पांचवी बार विधायक बने बृजेंद्रसिंह राठौर को सबसे पहले कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। इसके बाद सागर जिले के देवरी से विधायक हर्ष यादव और सुरखी से विधायक गोविंद सिंह राजपूत को कैबिनेट मंत्री की शपथ राज्यपाल आनंदी बेन पटैल द्वारा दिलाई गई। हालांकि, शपथ ग्रहण के पूर्व से इन नामों को मंत्रीमंडल में जगह मिलना तय माना जा रहा था।
मंत्रियों को हराने वालों को कुछ नहीं
दमोह से वित्त मंत्री जयंत मलैया को हराने वाले राहुल सिंह, महिला विकास मंत्री ललिता यादव को हराने वाले प्रदुम्न सिंह को भी कमल नाथ मंत्रीमंडल में जगह मिलने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन 28 की लिस्ट से वह नजर नहीं आए। इधर छतरपुर जिले की राजनगर विधानसभा से विधायक विक्रम सिंह नातीराजा के भी मंत्रीमंडल में शामिल होन के कयास लगाए जा रहे थे। इन सभी के मंत्रीमंडल से शामिल न होने के साथ ही दमोह और छतरपुर जिले से अब कोई मंत्री नहीं रहा है। इसके लिए टीकमगढ़ से भी कोई मंत्री नहीं है। हालांकि, टीकमगढ़ से अलग हुए निवाड़ी जिले से जरूर बृजेंद्र राठौर मंत्री होंगे।
सागर को 2 में से 2
भाजपा सरकार में सागर जिले से भूपेंद्र सिंह और गोपाल भार्गव कद्दावर मंत्री रहे है। सत्ता बदलने के बाद भी सागर में दो ही मंत्री रहेंगे। कांग्रेस सरकार में गोविंद सिंह राजपूत और हर्ष यादव को मंत्रीमंडल में शामिल किया गया है। जिनसे अब सागर और बुंदेलखंड के लोगों को उम्मीद रहेगी।
अब विभागों पर नजर
मप्र में कैबिनेट मंत्रीमंडल के गठन होने के बाद अब किस मंत्री को किस विभाग की जिम्मेदारी मिलती है। इस पर लोगों की नजर टिकी हुई है। बुंदेलखंड के मंत्रियों पर भाजपा सरकार ने खूब भरोसा जताया था और बड़े-बड़े पद दिए थे। यहीं उम्मीद कांग्रेस से जताई जा रही है।
क्या कहते है मंत्री बृजेंद्र सिंह राठौर
कैबिनेट मंत्री की शपथ लेने के बाद बृजेंद्र सिंह राठौर ने पत्रिका से खास बातचीत में कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए शासन और सत्ता के बीच धुरी का काम करूंगा। प्रशासन कैसा भी हो, यदि उसे चलाने वाले लोग ठीक है, तो बहुत सारी व्यवस्थाएं स्वत: ही ठीक हो जाती है। जनता की अपेक्षाएं बहुत है, मैं ईश्वर से प्रार्थना करूंगा कि वह मुझे शक्ति दें कि मैं लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकूं।
Published on:
25 Dec 2018 05:34 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
