सागर. हर पौधा अपने आप में विशेष होता है। प्रकृति की इस रचना में छिपे रहस्यों को हम नहीं जान सकते हैं, लेकिन इनकी उपयोगिता हमें उनकी महत्ता का एहसास कराती है। हर परिवार एक पौधे को सदस्य बनाए और हर घर के सामने एक पेड़ होना चाहिए। ये बात पत्रिका हरित प्रदेश अभियान के अंतर्गत 21 छायादार पौधों के रोपण कार्यक्रम में वैश्य महासम्मेलन की जिला अध्यक्ष वीनिता केसरवानी ने कही। कार्यक्रम का आयोजन तिलकगंज स्थित गार्डन में किया गया।
भूल जाते हैं प्रकृति का सम्मान
नीलू केशरवानी ने कहा कि हम इंसान प्रकृति का सम्मान भूलते जा रहे हैं। अब हम स्वार्थ के चलते केवल लेना सीख और सिखा रहे हैं, देने की प्रवृत्ति धीरे-धीरे खत्म हो रही है। प्रकृति को देना है हर स्मरणीय अवसरों पर एक पौधा लगाएं, उसे पेड़ बनाएं। रूक्मणी केसरवानी ने कहा कि इस अभियान में हम पिछले पांच सालों से शामिल होकर प्रकृति का वंदन कर रहे हैं। इस साल स्थानीय लोगों को सामूहिक रूप से शामिल करते हुए उन्हें अपने घरों के सामने एक एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया गया है। लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरुक करने के लिए ये प्रयास किया गया है। लोगों ने पौधे लेकर उन्हें सावन माह में ही रोपने की बात कही है।
ये रही मौजूद
कार्यक्रम में बिन्नी केसरवानी, चम्पा नायक, नीता केसरवानी, लक्ष्मी केसरवानी, मीना केसरवानी और सुनीता सिंह सहित अन्य संगठन की महिलाएं शामिल हुई।