
अधूरे नाले में भरी गंदगी। फोटो-पत्रिका
बीना. खिरिया वार्ड में करीब 68 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नाले का का कार्य तीन साल बाद भी नहीं हो पाया है। जबकि इस कार्य के लिए तीन टेंडर हो चुके हैं। नाला अधूरा होने और सफाई न होने के कारण घरों के दरवाजे से गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। लगातार शिकायतों के बाद भी नगर पालिका सफाई तक नहीं करा रही है। जबकि शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर दिल्ली से आई टीम भी निरीक्षण कर रही है।
खिरिया वार्ड में जल भराव की समस्या दूर करने के लिए एसडीएमएस योजना के तहत नाला स्वीकृत किया गया था और इसका काम करीब तीन वर्ष पहले शुरू हुआ था, लेकिन कंपनी ने लापरवाही बरतते हुए थोड़ा काम किया था, जिससे वर्ष 2024 में टेंडर निरस्त कर नगर पालिका ने दूसरा टेंडर निकाला था। दूसरी बार टेंडर जेडी कंट्रक्शन ने लिया था, लेकिन कई माह बीत जाने के बाद अनुबंध नहीं किया, जिससे टेंडर निरस्त कर पिछले साल यह कार्य डिवाइन एसोसिएट ने लिया था और काम भी शुरू कर दिया है, लेकिन बहुत धीमी गति से कार्य किया जा रहा है। नाले के पास रह रहे लोगों के घर के सामने ही गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, जिनकी सफाई नहीं हो रही है। घरों में बदबू और मच्छरों के कारण बैठना मुश्किल हो रहा है।
घर छोड़ने होना पड़ेगा मजबूर
स्थानीय निवासी लीला विश्वकर्मा ने बताया कि नाला निर्माण और गंदगी को लेकर नगर पालिका में कई बार शिकायत कर चुके हैं। घर के सामने गंदा पानी भरा और कचरे के ढेर लगे हैं। बारिश में यह पानी घर के अंदर आ जाता है। यदि यही स्थिति रही, तो घर छोड़कर दूसरी जगह जाना पड़ेगा। सफाई कर्मचारियों से कई बार कचरा उठाने के लिए कहा है, लेकिन वह ध्यान नहीं देते हैं।
गंदगी में से निकलकर जा रहे मंदिर
जिस जगह नाला अधूरा पड़ा है और गंदगी के ढेर लगे हैं, वहां से निकलकर लोग माता मंदिर दर्शन करने जाते हैं। कई बार कपड़ों पर कीचड़ आ जाता है, जिससे मंदिर नहीं जा पाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी वृद्धों को होती है।
15 जून तक हो जाएगा काम
नाले का काम चल रहा है और जल्द काम कराने के लिए मुख्य ठेकेदार ने एक अन्य ठेकेदार को भी काम दिया है, जिससे दोनों तरफ से काम होगा। 15 जून तक नाला तैयार हो जाएगा।
राहुल कौरव, सीएमओ, बीना
Published on:
18 May 2026 12:06 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
