
cm mohan yadav announces new four lane road
MP News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को सागर जिले के नरयावली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने नरयावली में सांदीपनी विद्यालय का लोकार्पण किया साथ ही 63.41 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। सीएम मोहन यादव ने नरयावली में मंच से बम्होरी से गढ़पहरा तक 24 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क बनाने की घोषणा भी की जो कि क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है और इसके बनने से आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। मंच से सीएम मोहन यादव ने विपक्ष पर भी करारा हमला बोला।
सीएम मोहन यादव ने बम्होरी से गढ़पहरा तक 24 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क बनाए जाने की घोषणा की। साथ ही मकरोनिया चौराहे पर फ्लाई ओवर, कर्रापुर नगर परिषद के लिए अतिरिक्त बजट और नरयावली विधानसभा क्षेत्र में 17 करोड़ रुपये के पुल सहित अन्य कार्यों की घोषणा भी की। हालांकि इस दौरान सीएम मोहन यादव ने नरयावली को तहसील बनाने और मकरोनिया सिविल अस्पताल को जिला अस्पताल बनाने की मांग को पूरा नहीं किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को सागर जिले की नरयावली विधानसभा को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने यहां 63.41 करोड़ रुपये की लागत वाले 75 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया और साथ ही सांदीपनी विद्यालय का लोकार्पण करते हुए बोर्ड परीक्षा की प्रवीण्य सूची में स्थान पाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सीएम ने मंच से किसानों को 5 रुपये में मिलेगा बिजली कनेक्शन देने की घोषणा करते हुए कहा कि अब अगर नहर, सड़क व किसी भी प्रोजेक्ट में किसान की जमीन अधिग्रहण की जाएगी तो अब किसान को 2 की जगह 4 गुना मुआवजा देंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस को भी जमकर आड़े हाथों लिया। सीएम मोहन यादव ने मंच से कहा कि जिस तरह से कौरवों ने द्रोपदी का चीरहरण कर नारी का अपमान किया था वैसे ही बीते दिन कांग्रेसियों ने संसद में नारी आरक्षण बिल के साथ करके महिलाओं का अपमान किया है, देश की महिलाएं अब कांग्रेस से बदला लें। इस दौरान सीएम ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस कहती थी कि चुनाव के बाद लाड़ली बहना योजना बंद हो जाएगी लेकिन लाड़ली बहना योजना अभी भी चल रही है और आगे भी इसी तरह से चलती रहेगी।
Updated on:
23 Apr 2026 04:58 pm
Published on:
23 Apr 2026 04:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
