
पाठक वार्ड की सड़क का दो बार टेंडर हो चुका है निरस्त। फोटो-पत्रिका
बीना. नगर पालिका के अंतर्गत होने वाले निर्माण कार्यों के लिए टेंडर लेने वाले ठेकेदार काम शुरू नहीं कर रहे हैं, जिससे बार-बार टेंडर जारी करने पड़ते हैं। ऐसे ठेकेदारों पर सीएमओ ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है और सभी को हिदायत भी दे दी गई है।
प्रतिस्पर्धा के चलते ठेकेदार बिलो में टेंडर लेते हैं और जब उनका टेंडर खुल जाता है, तो कार्य शुरू नहीं करते हैं, क्योंकि उसमें लागत ज्यादा होती है। शहर में ऐसे कई कार्य हैं, जिनके टेंडर दो-दो बार तक निरस्त हो चुके हैं और इसका खामियाजा वार्डवासी भुगतने मजबूर हैं। टेंडर लेकर कार्य न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सीएमओ ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है। पिछले दिनों बैठक आयोजित कर उन्हें निर्देश भी दिए गए हैं। अब टेंडर ओपन होने के बाद ठेकेदार को पहला लेटर जारी कर दस दिन, फिर 7 और अंतिम लेटर में 3 दिन का समय एग्रीमेंट करने के लिए दिया जाएगा। इसके बाद भी ठेकेदार एग्रीमेंट नहीं करेंगे, तो उन्हें नगर पालिका स्तर पर एक साल के लिए ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। साथ ही बार-बार इस प्रकार टेंडर लेकर कार्य न करने पर प्रदेश स्तर पर ब्लैक लिस्ट किया जाएगा, जिससे वह कहीं भी कार्य नहीं कर पाएंगे। यदि ठेकेदारों पर कार्रवाई होती है, तो व्यवस्थाओं को सुधारा जा सकता है। साथ ही समय पर कार्य पूर्ण होने से वार्डवासियों को राहत मिलेगी।
दो बार हुए टेंडर, नहीं बनी सड़क
पाठक वार्ड में एक सड़क के लिए दो बार टेंडर हो चुके हैं, लेकिन ठेकेदारों ने कार्य नहीं किया और अब तीसरी बार टेंडर जारी किया है, जो 28 मई को खोला जाएग। जबकि वार्ड पार्षद द्वारा हर बैठक में इस सडक़ का मुद्दा उठाया जाता है, क्योंकि वार्ड की मुख्य सडक़ होने के कारण वार्डवासी परेशान हैं। इसी तरह शहर में सडक़, नाली के कई कार्य हैं, जिसमें दो-दो बार टेंडर जारी किए गए हैं।
की जाएगी कार्रवाई
टेंडर खुलने के बाद भी कार्य न करने वाले ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। कुछ ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट किया भी किया गया है। वार्डों में कार्य न होने से वार्डवासी परेशान होते हैं और शिकायत करते हैं।
राहुल कौरव, सीएमओ, बीना
Published on:
07 May 2026 12:03 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
