
सागर पुलिस ने कर्रापुर के पास बोरे में मिले शव मामले का खुलासा कर दिया है। मृतक महेंद्र अहिरवार की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी। इस मामले में पुलिस ने महिला सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हरिशंकर अहिरवार ने मृतक महेंद्र अहिरवार के अवैध संबंध का पता चलने पर उसे ठिकाने लगाने की साजिश रची। हरिशंकर की पत्नी ने महेंद्र को खाना खाने के बहाने अपने मायके बुलाया। मायका मोतीनगर थाना क्षेत्र स्थित बड़ी नदी के पास है। वहां हरिशंकर ने अपनी पत्नी, दो सालों, बेटे और साली के साथ मिलकर महेंद्र पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। महेंद्र को सिर पर दो बार कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के बाद शव को एक बोरी में भरकर ऑटो में लादा गया और कर्रापुर के पास फेंक दिया गया, ताकि हत्या के स्थान को लेकर भ्रम पैदा किया जा सके।
शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों से पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने हरिशंकर और उसके साले को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस अभिरक्षा में हरिशंकर ने खुद को चोट पहुंचाई थी, जिसके बाद उसका इलाज चल रहा है। वह हर्निया की बीमारी से भी ग्रसित है। पुलिस ने उसकी पत्नी को भी हिरासत में लिया है। इस हत्याकांड में कुल छह लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। मुख्य आरोपी हरिशंकर सागर के मोतीनगर इलाके का रहने वाला है, जबकि अन्य आरोपी बंडा के भेड़ा गांव के हैं। उसका साला भूपेंद्र भी आरोपी है जिसे मुंह का कैंसर है। पुलिस आरोपी की रिश्तेदारी में बहेरिया में भी छापेमारी कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लोकेश सिन्हा ने बताया कि हरिशंकर का इलाज चल रहा है और पुलिस टीम अस्पताल में उसकी निगरानी कर रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया जाएगा।
वारदात में आरोपियों के नाम सामने आए है, संदिग्धों से पूछताछ की जा रही। हरिशंकर अहिरवार हर्निया बीमारी है, इसी वजह से उसका इलाज चल रहा है। पुलिस टीम अस्पताल में आरोपी की निगरानी कर रही है। जल्द अन्य आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया जाएगा।- एएसपी लोकेश सिन्हा
Published on:
14 Apr 2026 04:48 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
