scriptदो बहनों का हुआ एमपीपीएससी में चयन, प्राची जनपद सीईओ और आस्था नायाब तहसीलदार बनी | Patrika News
सागर

दो बहनों का हुआ एमपीपीएससी में चयन, प्राची जनपद सीईओ और आस्था नायाब तहसीलदार बनी

मप्र लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षा 2021 का रिजल्ट जारी हो गया है। एमपीपीएससी ने इस परीक्षा की 87 फीसदी सीटों का परिणाम घोषित किया है।

सागरJun 08, 2024 / 12:25 pm

रेशु जैन

mppsc

mppsc

एमपीपीएससी ने जारी किया 2021 का रिजल्ट जारी

सागर. मप्र लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षा 2021 का रिजल्ट जारी हो गया है। एमपीपीएससी ने इस परीक्षा की 87 फीसदी सीटों का परिणाम घोषित किया है। सागर के भी प्रतिभागियों ने बाजी मारी। जिसमें प्राची चौबे जनपद सीइओ, आस्था चौबे का चयन नायाब तहसीलदार, रजत सोनी डिप्टी कलेक्टर और शोभिता जैन का चयन अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी के लिए हुआ है। प्राची और आस्था दोनों बहनें हैं। एक परिवार से दो बहनों ने बाजी मारी है।
प्राची चौबे बनी जनपद सीईओ

सागर के तिरुपतिपुरम कॉलोनी में रहने वाले पुलिस उप निरीक्षक हरिओम चौबे की बेटी प्राची चौबे का चयन जनपद पंचायत सीईओ पद के लिए हुआ है। प्राची ने लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण की है। जिसमें उनका चयन जनपद पंचायत सीईओ के पद पर हुआ है। उन्होंने बताया कि डीएसपी के पद के लिए वेटिंग में हैं। यदि डीएसपी पद के लिए चयन होता है तो उनके पास दो ऑप्शन रहेंगे। प्राची चौबे ने बताया कि वर्ष 2020 में पहले प्रयास में मप्र उच्च परीक्षा राज्य लोक सेवा आयोग में नायब तहसीलदार का पद हासिल किया था। वर्तमान में उज्जैन में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ हूं। दूसरे प्रयास में वर्ष 2021 की परीक्षा दी थी। जिसका परीक्षा परिणाम जारी हो गया है। परिणाम में मध्यप्रदेश के महिला अनारक्षित-वर्ग का एक मात्र पद जनपद पंचायत सीईओ के लिए उनका चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि पिता हरिओम चौबे रायसेन जिले के बेगमगंज में एसआई के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि विवाह रीवा में हुआ है।
दिव्यांग रजत बने डिप्टी कलेक्टर

जिला संयोजक अनुसूचित जाति कार्य एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग में जिला अधिकारी के पद पर पदस्थ रजत सोनी का चयन डिप्टी कलेक्टर पद के लिए हुआ है। रजत ने बताया कि बचपन से ही बहु दिव्यांगता थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में सहोद्रा राय शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में प्रयोगशाला तकनीशियन के पद पर चयनित हुआ। सेवा में रहते हुए अध्ययन कार्य जारी रखा और गुरु शैलेंद्र तिवारी के मार्गदर्शन में 2013, 2017 के साक्षात्कार के बाद 2018 की एमपीपीएससी के माध्यम से नायब तहसीलदार के पद पर सागर जिले में पदस्थ हूं। एमपीपीएससी 2019 की परीक्षा दी और अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग में जिला अधिकारी के पद पर नियुक्त हुआ। साथ ही आगामी राज्य सेवा 2021 में भी प्रयास किया। जिसमें मेरा चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है।
नायाब तहसीलदार बनी आस्था

डॉ. हरिसिंह गौर विवि से सेवानिवृत्त राम प्रकाश चौबे की बेटी आस्था चौबे का चयन नायाब तहसीलदार के लिए हुआ है। आस्था ने बताया कि प्राची उनके चाचा की बेटी है। उन्होंने बताया कि वे हिलगन ग्राम की निवासी है और तैयारी के लिए इंदौर आई थी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्कूल ढाना से उन्होंने स्कूल की पढ़ाई की और एक्सीलेंस कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। प्राची ने बताया कि वे 2019 से प्रयास कर रही थीं। यह उनका तीसरा अटेंप्ट था। 2019 में मेंस हो गया था, लेकिन इंटरव्यू नहीं हो पाया था। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी उन्होंने इंदौर से की है।
शोभिता बनीं अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी

विद्यापुरम कॉलोनी में रहने वाली शोभिता जैन का चयन अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी के पद पर हुआ है। शोभिता ने बताया कि दूसरे प्रयास में उन्हें सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि इससे पहले एक बार साक्षात्कार दे चुकी थीं, लेकिन सफल नहीं हो पाई थी। इस बार उन्हें सफलता मिली हैं। साक्षात्कार के दौरान उनसे बुंदेलखंड के निवासी होने के बाद बुंदेली संस्कृति, महाराज छत्रसाल और ओरछा से संबंधित सवाल पूछे गए थे। शोभिता के एमपीपीएससी परीक्षा में चयनित होने से परिवार में खुशी का माहौल है।

Hindi News/ Sagar / दो बहनों का हुआ एमपीपीएससी में चयन, प्राची जनपद सीईओ और आस्था नायाब तहसीलदार बनी

ट्रेंडिंग वीडियो